कोरोना को मात देकर नौ मरीज अपने घर चले गए। लेकिन डॉक्टरों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। वह बाकी मरीजों को भी ठीक करने में जुटे हैं। 40 मरीज और हैं जिनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के हौसले बुलंद हैं। उनका कहना है यह कोरोना से जंग है... और इसे वे जीत कर ही रहेंगे। बाकी मरीजों को भी जल्द ही ठीक कर घर भेजेंगे।
कोरोना के नौ मरीज हुए ठीक, डॉक्टरों के हौसले बुलंद, बोले- हम जीतकर रहेंगे ये जंग
- मेरठ में ठीक हुए कोरोना के नौ मरीज।
- डॉक्टरों ने कहा यह कोरोना से जंग है... और इसे वे जीत कर ही रहेंगे।
- मेडिकल कॉलेज के प्रमुख अधीक्षक डॉ. धीरज बालियान बोले- अच्छे हथियारों से जीते जाते हैं युद्ध
कोरोना वायरस की रफ्तार को रोकने के लिए डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ खुद को जोखिम में डाल रहे हैं और सामने आकर लोगों की मदद कर रहे हैं। दरअसल, ये सब कोरोना के जंग के असल हीरो हैं। मेडिकल के डॉक्टरों की 14 सदस्यीय टास्क फोर्स मरीजों का हौसला बढ़ाती हैं। मदद करती हैं। मरीज को कभी निराश नहीं होने देती। स्टाफ को कभी कमजोर नहीं पड़ने देती। जब भी हौसला कमजोर पड़ता दिखाई देता है तो टीम के जिम्मेदार लोग कहते हैं कि तुम्हें हारना नहीं है... कोरोना से जीतकर बताना है... डरना नहीं है। वैसे भी इस महामारी में कोविड-19 अस्पताल की सारी व्यवस्था की जिम्मेदारी इन्हीं पर है।
अभी तो यह अंगड़ाई है...
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता का कहना है कि अभी तो ये अंगड़ाई है, आगे और लड़ाई है। इस युद्ध में हर किसी का हिस्सा है, जिम्मेदारी है, जिसे सब बखूबी निभा रहे हैं। हम इस लड़ाई को जीत कर ही रुकेंगे। यह लंबी लड़ाई है। इस लड़ाई में छोटी-मोटी दिक्कतें तो आएंगी ही। लेकिन ये दिक्कतें हमारे हौसले को जरा भी प्रभावित नहीं कर सकतीं। हम अपनी पूरी क्षमता के साथ कोरोना से जंग लड़ने के लिए तैयार हैं। जो मरीज कोरोना से प्रभावित हैं उन्हें भी कुछ दिनों में इसके प्रभाव से निकाल लिया जाएगा।
अच्छे हथियारों से जीते जाते हैं युद्ध
मेडिकल कॉलेज के प्रमुख अधीक्षक डॉ. धीरज बालियान का कहना है कि युद्ध अच्छे हथियारों से जीते जाते हैं। डॉक्टरों के लिए पीपीई किट, सैनिटाइजर, एन-95, मास्क आदि चीजें कोरोना से युद्ध के हथियार हैं। हम सभी मिलकर इस युद्ध को जीतकर ही दम लेंगे।
ये हैं 14 चिकित्सकों की टास्क फोर्स
अध्यक्ष मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता, सचिव प्रमुख अधीक्षक डॉ. धीरज बालियान, नोडल अधिकारी डॉ. टीवीएस आर्य, सह नोडल अधिकारी डॉ. संध्या गौतम, टास्क फोर्स के सदस्यों में डॉ. एसके गर्ग, डॉ. ज्ञानेश्वर टांक, डॉ. रचना चौधरी, डॉ. विपिन धामा, डॉ. अमित गर्ग, डॉ. अनामिका शर्मा, डॉ. योगिता सिंह, डॉ. विजय जायसवाल, डॉ. संतोष मितल और डॉ. दिनेश राणा शामिल हैं।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/