नई दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर 45 लाख की विदेशी करेंसी के साथ पकड़े गए मुराद अली को लेकर खुफियां एजेंसियां अलर्ट हैं। यूपी के विभिन्न जिलों में उसके लिंक खंगाले जा रहे हैं। हालांकि खुफिया टीमों को उसके हवाला कनेक्शन की ज्यादा जानकारी हाथ नहीं लग सकी हैं लेकिन उससे पूछताछ में कई बड़े खुलासे हुए हैं।
विदेशी मुद्रा के साथ पकड़े मुराद अली का आखिर क्या है असली सच, पूछताछ में अब तक हुए ये खुलासे
देवबंद का रहने वाला है पकड़ा गया मुराद
एयरपोर्ट पर 45 लाख की विदेशी मुद्रा के साथ पकड़े गए मुराद अली का घर यूपी के देवबंद में रेलवे रोड पर है। यहां पुलिस चौकी के पास ही उसका मकान है। हालांकि फिलहाल उसके घर पर ताला लगा हुआ है। उसके परिजन मुराद के पकड़े जाने की जानकारी लगते ही दिल्ली के लिए रवाना हो गए। गुरुवार को खुफिया टीमें जांच पड़ताल के लिए उसके घर पहुंची लेकिन यहां उन्हें उसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं मिल सकी।
ये बात कहकर घर से निकला था मुराद
बताया गया कि 10 फरवरी को मुराद अपने घर से निकला था। उसने परिजनों से दुबई घूमने जाने की बात कही थी। इसके दो दिन बाद ही सीआईएसएफ ने उसे दिल्ली एयरपोर्ट पर चैकिंग के दौरान पकड़ लिया। उसके पास से 45 लाख रुपये की विदेशी करेंसी बरामद हुई थी। करेंसी को वह बिस्कुट, मूंगफली और भुने हुए मीट में छिपाकर ले जा रहा था। यह करेंसी वह कहां से लाया, इसकी सही जानकारी नहीं दे सका।
पिता चलाते हैं टैक्सी, खुद है बीएससी पास
उधर, दिल्ली से मुराद अली के पकड़े जाने की सूचना पर स्थानीय खुफिया एजेंसी सक्रिय हो गई। छानबीन में पता चला कि मुराद अली का परिवार देवबंद में रेलवे रोड पर पुलिस चौकी के पास मोहल्ला सराय पीरजादगान में रहता है। उसके पिता खुर्शीद उर्फ भूरा टैक्सी चालक हैं। मुराद अली बीएससी पास है।
वीजा कराने वाले ने बदला बैग?
मुराद अली ने फिलहाल कस्टम को यही बताया है कि दिल्ली में जिस व्यक्ति के माध्यम से उसने अपना टूरिस्ट वीजा कराया था, उसी ने बैग बदला। उसने कहा कि इतना बड़ा बैग लेकर दुबई घूमने क्यों जा रहे हो, छोटा बैग ले जाओ। उसमें उसने मूंगफली और बिस्कुट वाला पैकेट भी रखा और कहा कि यह तुम्हारे खाने के काम आएंगे। हालांकि मुराद अली की इस कहानी पर खुफिया विभाग को शक है।