देश में लॉकडाउन 4.0 लागू होने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने लोगों को बड़ी राहत दी है। आइए जानते हैं कि पश्चिमी यूपी के किन-किन जिलों को रेड और ऑरेंज जोन में रखा गया है। यहां खुलेंगी अदालतें...
लॉकडाउन 4.0: पश्चिमी यूपी के जिलों में कहीं राहत तो कहीं रहेगी सख्ती, यहां खुलेंगी अदालतें
मेरठ शहर के कंटेनमेंट जोन होने से अभी इस पर चर्चा चल रही है। हालांकि, इस बार राज्यों को रेड, ग्रीन और ऑरेंज जिलों में निर्धारण करने की छूट दी है। फिलहाल मेरठ रेड जोन में ही शामिल होगा। लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमित मामलों को देखते हुए मेरठ में कोई छूट अभी नहीं दी जाएगी।
ऑरेंज जोन में जिला, सुबह आठ बजे से खुलेंगी दुकानें
बागपत में लॉकडाउन 4 में शहरी क्षेत्र की दुकानें खोलने पर सहमति बन गई है। जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों के साथ कलक्ट्रेट में बैठक के बाद डीएम शकुंतला गौतम ने रोस्टर जारी कर दिया है। ट्रेड और रोस्टर के अनुसार दुकानें सुबह आठ से दोपहर 12 बजे तक खुलेंगी। किराना स्टोर को एक बजे तक की छूट रहेगी। नोडल अधिकारी एडीएम अमित कुमार सिंह, एसडीएम रामनयन सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सूरजपाल गुर्जर, बड़ौत पालिकाध्यक्ष अमित राणा शामिल रहे। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया जाएगा और व्यापारी प्रशासन का पूरी तरह सहयोग करेंगे।
सोमवार, बुधवार और शुक्रवार
रेडीमेड गारमेंटस, वस्त्रालय एवं साड़ी, टेलरिंग शॉप, गिफ्ट स्टोर, बच्चों के खिलौने, घड़ियों की दुकानें, पर्स बैग, ट्रॉली बैग, ज्वैलरी शॉप, कॉस्मेटिक शॉप, चूड़ी की दुकानें, जूते-चप्पल की दुकान, फोटो स्टूडियो, बर्तन व साड़ी दुपट्टा, रंगाई की दुकानें, लांड्री, ड्राइक्लीनर्स की दुकानें खुलेंगी। फर्नीचर की दुकानें, टीवी, फ्रिज, कूलर, एसी, इलेक्ट्रॉनिक आइटम एवं रिपेयरिंग की दुकानें, चश्मे एवं मुहर की दुकानें खुलेंगी।
मंगलवार, गुरुवार और शनिवार
कंप्यूटर, मोबाइल शोरूम एवं रिपेयरिंग, बिल्डिंग मैटेरियल, सीमेंट, बालू, मोरंग, सरिया, लोहे की दुकानें, हार्डवेयर, पेंट, सैनेटरी आइटम की दुकानें, पलबंर, मशीनरी, ट्रांसपोर्ट और ट्रैवल एजेंसी के ऑफिस, बुक स्टेशनरी, स्कूल बैग, स्कूल यूनिफार्म की दुकान, प्रिंटिंग प्रेस, फ्लैक्स प्रिंटिंग, साइकिल की दुकान, ऑटोमोबाइल, ऑटोपार्ट्स, गाड़ियों के सर्विस सेंटर (गैराज के अंदर), लकड़ी मंडी की दुकानें खुलेंगी।
रोजाना खुलेंगी सब्जी और फल मंडी
थोक की सब्जी और फल मंडी सुबह चार से सुबह सात बजे तक रोजाना खुलेंगी। फल और सब्जी मंडी का रिटेल का वितरण सुबह छह से सुबह नौ बजे तक किया जाएगा।
ऑरेंज जोन के हिसाब से आज से खुलेंगी बिजनौर की अदालतें
बिजनौर में जिला जज जयश्री आहुजा के अनुसार शहर के ऑरेंज जोन में आ जाने के कारण अब 22 मई से अदालतें हाईकोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार खुलेंगी।
जिला जज द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब जिला जज, फैमिली कोर्ट के प्रधान न्यायाधीश व स्पेशल एक्ट से संबंधित सभी अदालतें, सीजेएम सिविल जज एसडी, सिविल जज जेडी व एडीजे प्रथम की अदालत 22 मई से अपना काम शुरू करेंगी। नगीना कोर्ट भी खुलेगी। चांदपुर व नजीबाबाद के कंटेनमेंट क्षेत्र में आने के कारण चांदपुर व नजीबाबाद की अदालतें नहीं खुलेंगी। कोर्ट में जमानत कार्य के साथ साथ वाहनों की रिलीज, अर्जेंट स्टे, पुलिस विवेचना से संबंधित कार्य संपन्न होंगे। जजी परिसर में सैनिटाइजेशन का कार्य पूरा हो गया है। जजी में सभी स्टाफ, वकील व वादकारी मास्क लगाकर आएंगे।
रेड जोन से बाहर हुआ जिला, अब ऑरेंज में आया
मुजफ्फरनगर जनपद को रेड जोन से मुक्ति मिल गई है। अब जिला ऑरेंज जोन में शामिल हो गया है। इस सुधार का जिले को क्या लाभ होगा, इसे लेकर असमंजस की स्थिति है। क्योंकि कुछ शर्तों के साथ बाजार तो पहले ही खुल गया है। केवल परिवहन सेवाएं ही बंद हैं।
मुजफ्फरनगर जनपद अब तक रेड जोन में शामिल था, लेकिन अब जोन को लेकर नए नियम निर्धारित कर दिए गए हैं। शासन से जारी निर्देशों के अनुसार रेड जोन में उन्हीं जिलों को रखा जाएगा जिनमें एक्टिव केस 200 होंगे। एक्टिव केस की संख्या प्रति लाख के हिसाब से 15 होगी और 14 दिन में हर सप्ताह के हिसाब से संक्रमित मामले दोगुने हो रहे हों। इसके अलावा मृत्यु दर, प्रति लाख की आबादी पर टेस्टिंग आदि का भी मानक निर्धारित किया है। डीएम सेल्वा कुमारी जे ने बताया कि मुजफ्फरनगर जनपद रेड जोन से बाहर आ गया है। अब यह ऑरेंज जोन में शामिल है।