महराजगंज जिले के 10 नगर निकायों में अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ रहे 96 और सदस्य पद पर चुनाव लड़ रहे 1023 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज ईवीएम में कैद हो जाएगा। इन निकायों में 2,47,931 मतदाता हैं। इनमें 1,28,726 पुरुष व 1,19,205 महिलाएं शामिल हैं। मतदान सुबह सात बजे से प्रारंभ हो चुका है। यह शाम को छह बजे समाप्त होगा।
UP Nikay Chunav 2023: महराजगंज में मतदान जारी, भारत-नेपाल सीमा पर सन्नाटा, देखें तस्वीरें
नगर पालिका महराजगंज से अध्यक्ष पद पर छह, सदस्य पद पर 160 प्रत्याशी और नौतनवां में अध्यक्ष पद पर चार प्रत्याशियों के साथ सदस्य पद पर 118 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। नगर पंचायत पनियरा में अध्यक्ष पद पर सर्वाधिक 16, सदस्य पद पर 84, बृजमनगंज में अध्यक्ष पद पर 12, सदस्य पद पर 128, सोनौली में अध्यक्ष पद पर नौ और सदस्य पद पर 71 प्रत्याशी मैदान में हैं।
चौक बाजार में अध्यक्ष पद पर नौ व सदस्य पद पर 105, निचलौल में अध्यक्ष पद पर सात व सदस्य पद पर 63, आनंदनगर में अध्यक्ष पद पर 11 व सदस्य पद पर 145, परतावल में अध्यक्ष पद पर 12 व सदस्य पद पर 98 एवं घुघली में अध्यक्ष पद पर सात और सदस्य पद पर 51 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
मतदान के लिए 15 में से एक विकल्प होना जरूरी
भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, पैनकार्ड, बैंक या पोस्ट आफिस की ओर से जारी पासबुक, फोटोयुक्त पेंशन संबंधी अभिलेख, फोटोयुक्त स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पहचान पत्र, फोटोयुक्त शस्त्र लाइसेंस, फोटोयुक्त शारीरिक अशक्तता का प्रमाणपत्र, श्रम मंत्रालय की ओर से जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, रजिस्ट्रार जनरल आफ इंडिया की ओर से जारी स्मार्ट कार्ड, सांसदों, विधायकों व विधान परिषद सदस्यों को जारी सरकारी पहचान पत्र व राशनकार्ड।