यूपी के फर्रुखाबाद में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कैशलेस भुगतान के लिए भीम एप और आधार पे अप्लीकेशन के शुभारंभ का लाइव प्रसारण देखा जा रहा था। तभी ग्रामीण मायूस हो गए। इस प्रसारण को दिखाने के लिए पंचायत भवनों में प्रधानों और अफसरों की ओर से की गई तैयारियां धरी की धरी रह गईं।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण लोगों को दिखाने के लिए जिला मुख्यालय, ब्लाक और पंचायत भवनों में तैयारी करने लिए प्रधानों व अधिकारियों को आदेश हुए थे। इसके तहत पंचायत भवनों में टीवी और डिस केबल लगाकर प्रधानमंत्री के भाषण का सीधा प्रसारण दिखाने की व्यवस्था की गई थी। प्रसारण 12:35 बजे से एक घंटे चलना था।
इससे पूर्व ही 11:55 पर मैनपुरी 220 केवीए उपकेंद्र से नीब करोरी ट्रांसमिशन की मेन सप्लाई बंद हो गई। 12:20 बजे सप्लाई शुरू हुई तो पनकी से दो घंटे की इमरजेंसी कटौती का मैसेज आ गया। इस कारण नीब करोरी ट्रांसमिशन से 12:25 से दो घंटे के लिए करीब 13 विद्युत उपकेंद्रों की आपूर्ति बंद कर दी गई। बिजली न होने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के लोग कार्यक्रम का प्रसारण नहीं देख पाए।