रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज में दक्षिण अफ्रीका लीजेंड्स ने एकतरफा मुकाबले में न्यूजीलैंड लीजेंड्स के खिलाफ नौ विकेट से जीत दर्ज की। न्यूजीलैंड 20 ओवरों में महज 99 रन ही बना सकी। दक्षिण अफ्रीका ने एक विकेट खोकर लक्ष्य को पा लिया। दक्षिण अफ्रीका की ओर से जोहान बोथा फिरकी में फंसे कीवी खिलाड़ी अंत तक नहीं उबर पाए।
Road Safety World Series: एकतरफा मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका लीजेंड्स नौ विकेट से जीता
न्यूजीलैंड के कप्तान रॉस टेलर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया था। हालांकि जोहान बोथा ने पहले ओवर की तीसरी गेंद पर ही एंटोन डेवकिच को शून्य पर बोल्ड मार दिया। तब न्यूजीलैंड का स्कोर एक रन था। तीसरे ओवर में जोहान ने एरॉन रेडमॉड को तीन रन पर चलता कर दिया।
पांचवें ओवर में बोथा ने न्यूजीलैंड के कप्तान रॉस टेलर को चार रन के स्कोर पर तीसरा झटका दिया। अपने सातवें ओवर में बोथा ने नील ब्रूम को चौथा शिकार बनाया। न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा डीन ब्राउनली ने 48 रन बनाए। उन्होंने एक छोर थामने का प्रयास किया लेकिन अन्य दूसरे बल्लेबाज नहीं चल सके। न्यूजीलैंड के सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए।
बोथा को मैन ऑफ दि मैच और गेम चेंजर अवॉर्ड
जोहान और टैंडी ने मिलकर न्यूजीलैंड के सात विकेट लिए। एक रन आउट हुआ। बोथा ने चार ओवर में 11 रन देकर चार विकेट लिए। उन्हें गेम चेंजर का अवार्ड दिया गया। इसके अलावा शानदार खेल के लिए मैन ऑफ दि मैच भी चुना गया।
इंडिया लीजेंड्स के सामने उतरेंगे ब्रायन लारा
वेस्टइंडीज लीजेंड्स के खिलाड़ी ब्रायन लारा मंगलवार सुबह चकेरी एयरपोर्ट से होटल विजय विला पहुंचेंगे। टीम की कमान उन्हीं के हाथ में है। हालांकि पहले मैच में न आ पाने के कारण टीम की कप्तान क्रिक एडवर्ड्स थे। लारा के आने की घोषणा सोमवार को की गई। लारा पहली बार ग्रीनपार्क की पिच पर बल्लेबाजी करेंगे। लारा के नेतृत्व में कैरेबियाई टीम गुरुवार को इंडिया लीजेंड्स के खिलाफ मैच खेलेगी।
सचिन ने कैंट में गोल्फ का भी लुत्फ उठाया
ग्रीनपार्क में सोमवार सुबह अभ्यास करने के बाद सचिन तेंदुलकर ने गोल्फ खेलने की भी इच्छा जाहिर की। इसके बाद प्रशासन की तरफ से उन्हें कैंट स्थित गोल्फ मैदान ले जाया गया। उनके साथ आस्ट्रेलिया लीजेंड्स के खिलाड़ी भी पहुंचे। सचिन के साथ ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों ने भी गोल्फ में हाथ आजमाएं। सचिन को देख वहां भीड़ एकत्र हो गई।
सचिन ने वर्चुअल पिच पर किया अभ्यास
ग्रीनपार्क स्टेडियम में बरसात के कारण सचिन ने मैदान में कम अभ्यास किया। नवनिर्मित विजिटर गैलरी में पहुंचे। वहां उन्होंने वर्चुअल पिच पर अभ्यास किया। हालांकि कुछ देर बाद जब बरसात बंद हुई तो सचिन मुख्य मैदान में पहुंचे। सचिन ने वर्चुअल पिच को खिलाड़ियों के लिए बेहतर बताया।
सुहाने मौसम में ग्रीनपार्क पहुंचे 18 हजार से ज्यादा दर्शक
न्यूजीलैंड व दक्षिण अफ्रीका टीम के बीच सोमवार को हुए मुकाबले से पहले जैसे ही मौसम सुहाना हुआ तो दर्शकों की भारी भीड़ स्टेडियम पहुंच गई। चौके-छक्के पड़ते ही दर्शकों ने खिलाड़ियों का खूब उत्साहवर्धन किया। पूरा स्टेडियम दर्शकों की आवाज से गूंज उठा। 18 हजार से ज्यादा दर्शक मैदान पहुंचे। मैच की शुरुआत में दर्शकों की संख्या पांच हजार के अंदर थी। इसके बाद एक घंटे में दर्शकों की संख्या तेजी से बढ़ गई।
फरहीन दे रहीं क्रिकेटरों को जिम में ट्रेनिंग
कानपुर आई इंडिया लीजेंड्स टीम को होटल लैंडमार्क में फरहीन अकरम जिम में ट्रेनिंग करा रही हैं। सचिन तेंदुलकर, युवराज सिंह, इरफान पठान, स्टुअर्ट बिन्नी, जोंटी रोड्स समेत कई खिलाड़ी फरहीन के साथ सुबह-शाम वर्कआउट कर रहे हैं।