कानपुर नगर के भीतरगांव में रविवार को भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां यात्रियों से भरी प्राइवेट बस बेकाबू होकर बाइक से टकरा गयी। इस हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गयी। साथ ही प्राइवेट बस पलट गयी।
कुछ ही दूरी पर खेतों में काम कर रहे किसानों ने बस में मौजूद लोगों को शीशा तोड़कर बाहर निकाला। साथ ही फोन पर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और यात्रियों को बस से निकालने में जुट गयी।
जानकारी के अनुसार प्राइवेट बस कानपुर के नौबस्ता से फतेहपुर जिला के जहानाबाद कस्बा जा रही थी। तभी अचानक सामने से बाइक आ जाने पर बस बेकाबू हो गयी।
बस बाइस सवार को टक्कर मारते हुए सड़क पर पलट गयी। घटना के वक्त बस में लगभग 30 यात्री सवार थे। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए सीएचसी भीतरगांव पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार हादसे में घायल हुए लोगों में ज्यादातर लोग जहानाबाद फतेहपुर के रहने वाले हैं।