औरैया जिले के गुरुहाई मोहल्ले में रहने वाले प्रबंधक संदीप पोरवाल, उनकी पत्नी मीरा पोरवाल और बेटे शिवम के शव अलग-अलग कमरों में खून से लथपथ मिले थे। शुक्रवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पत्नी के शरीर पर पेंचकस से किए गए वार के छह गहरे निशान मिले हैं, जबकि प्रबंधक के शरीर पर खरोंच के निशान पाए गए हैं। इससे साफ जाहिर है कि हत्या से पहले पति-पत्नी के बीच जमकर संघर्ष हुआ है। इस तरह से पत्नी की निर्मम हत्या की गई। इसके पीछे पुलिस कोई बड़ा कारण मानकर जांच में जुटी है।
कौन है कातिल: कमरों में खून से लथपथ मिली थीं तीन लाशें, पत्नी के शरीर पर पेंचकस से वार, बरबर्ता की हदें पार
घटना में कोई अन्य नहीं शामिल था
बता दें कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फाेरेंसिंक रिपोर्ट ने पुलिस की कुछ हद तक गुत्थी सुलझा दी है। अब तक की रिपोर्ट में यह स्पष्ट हो गया है कि घटना में कोई अन्य व्यक्ति शामिल नहीं रहा। पुलिस द्वारा मौके से बरामद की गई रिवॉल्वर में फाेरेंसिक जांच में प्रबंधक संदीप के उंगलियों के निशान मिले हैं। पत्नी मीरा के गले पर पेंचकस (स्क्रू ड्राइवर) और प्लास के छह गंभीर घाव पाए गए। इससे यह साबित होता है कि पुत्र को गोली लगते देख मां मीरा की अपने पति संदीप के साथ काफी देर तक हाथापाई भी हुई है। उसके बाद मीरा को गोली मारी गई है।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
मीरा की मौत के बाद ही संदीप ने खुद को गोली मार ली। एडीजी जोन भानु भास्कर के साथ औरैया पहुंची कानपुर कमिश्नरेट की फाेरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए थे। इसकी रिपोर्ट आनी अभी बाकी है। एसपी चारू निगम ने बताया कि पोस्टमार्टम और औरैया फाेरेंसिक टीम की आई रिपोर्ट में साफ तौर पर स्पष्ट है कि संदीप पोरवाल ने ही पत्नी व बेटे को गोली मारी है। उसके बाद खुद को गोली मारी है। छानबीन के दौरान कमरे में संदीप के बेड की ड्राज से नींद की गोलियां भी बरामद की है, जिससे संदीप द्वारा इन गोलियों का उपयोग किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
मृतकों के शरीर में लगी मिली चार गोलियां
संदीप की रिवॉल्वर से पांच फायर हुए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतकों के शरीर से चार गोलियां ही मिली है। दो गोलियां पुत्र के शरीर (एक सिर में व एक कान के पास), संदीप के सिर में एक और मीरा के माथे पर एक गोली का निशान पाया गया है।
एक बार घर से छोड़ चुका था शिवम
पुलिस जांच में निकल सामने आया है कि परिवार में अक्सर विवाद होता था। इसमें पिता औीर पुत्र के बीच किसी बात को लेकर मनमुटाव बताया गया है। इसी को लेकर मृतक शिवम एक बार घर छोड़ ताऊ के बेटे नमन के साथ रहने चला गया था, जहां वह एक माह तक रहा। परिजनों के समझाने के बाद वापस घर आया था। सूत्रों के मुताबिक मां मीरा अपने बड़े बेटे शिवम का हर बात पर पक्ष लेती थी। यह बात पिता संदीप का पसंद नहीं आती थी। परिवार में छोटी-छोटी बातों पर भी विवाद होता रहता था।