जम्मू कश्मीर के पुलवामा में आतंकी हमले में शहीद हुए एसएसबी जवान विजय कुमार के पिता देवराज ने कहा कि उन्हें गर्व है कि उनका बेटा देश के लिए शहीद हो गया। सरकार के खामोश रहने पर उन्होेंने सवाल उठाया। यूपी में उन्नाव जिले के निवासी देवराज का कहना था कि आतंकी हमले में हर रोज किसी न किसी का बेटा शहीद हो रहा है। सरकार एक बार जवानों को छूट क्यों नहीं दे देती।
आतंकी हमले में शहीद विजय के अंतिम दर्शन को उमड़ा सैलाब, पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे
सेना के वाहनों को देख पिता व मां बेसुध हो गए। गर्भवती पत्नी ताबूत से लिपट कर बेहोश हो गई। जवान के अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी भीड़ भी अपने आंसू नहीं रोक सकी। जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों ने जवान को अंतिम विदाई दी। बक्सर घाट पर शहीद का अंतिम संस्कार किया गया।
गर्भवती पत्नी की बिगड़ी हालत, मेडिकल टीम पहुंची गांव
पति की मौत के सदमे में गर्भवती पत्नी प्रतिभा की मंगलवार सुबह तबीयत बिगड़ गई। सीएमओ के निर्देश पर डा. बृजेश, फार्मासिस्ट शशि देवी, एएनएम डीके दास रावतपुर गांव पहुंचे। उन्होंने प्रतिभा का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
डॉ.. बृजेश ने बताया कि प्रतिभा नौ माह के गर्भ से है। पति की मौत की खबर सुन उसने न ही कुछ खाया और न पानी पीया। इससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। प्रतिभा की सेहत पर लगातार नजर रखी जा रही है। टीम हर रोज उसका स्वास्थ्य परीक्षण करेगी।