कानपुर में नए साल के पहले दिन जश्न और लोगों का घूमने-फिरने का उत्साह यातायात पर भारी पड़ गया। लोग परिवार और दोस्तों के साथ सैर-सपाटे और खरीदारी के लिए घरों से निकले तो विभिन्न मुख्य सड़कों में जाम लग गया। घंटों तक वाहन रेंगते नजर आए। ट्रैफिक पुलिस ने जाम को खुलवाने की भरसक कोशिश की लेकिन उनका प्रयास नाकाफी साबित हुआ। शाम को मेडिकल कॉलेज पुल से जेके मंदिर तक लगे जाम ने वाहनों के पहिये थाम दिए। एक-डेढ़ किमी के सफर में 20 से 25 मिनट लगे।
बड़े चौराहे, फूलबाग, बजरिया तिराहा, नयागंज, परेड, गोविंदनगर, किदवईनगर, रावतपुर, कल्याणपुर और कोहना थाना क्षेत्र में सुबह से ही जाम की स्थिति बनी रही। माल रोड, स्वरूपनगर और जरीब चौकी की ओर जाने वाले रास्तों पर भी वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सबसे ज्यादा हाल उन लोगों का खराब रहा जो परिवार के साथ नए साल के मौके पर चिड़ियाघर, नानाराव पार्क, जेके मंदिर और गंगा बैराज की ओर घूमने गए थे। हालांकि पहले से ही ट्रैफिक पुलिस ने बैराज और जेड स्क्वॉयर के आसपास डायवर्जन लागू कर रखा था।
2 of 5
करबला चौराहे पर लगा भीषण जाम
- फोटो : amar ujala
मिनटों का सफर आधे से लेकर एक से डेढ़ घंटे में हुआ पूरा
इसके बावजूद जाम की स्थिति बनी और देखते ही देखते हालात बेकाबू हो गए। लोगों ने मुख्य मार्गों को छोड़कर गलियों का रुख किया, तो संकरे रास्तों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से वहां भी जाम लग गया। इसके अलावा बाजारों और मॉल की ओर बढ़ते वाहनों के कारण जीटी रोड, यशोदानगर और नौबस्ता क्षेत्र में भी ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित रहा। जाम के चलते लोग चंद मिनटों का सफर आधे से लेकर एक से डेढ़ घंटे में पूरा कर सके। जाम में वाहनों के हार्न का बढ़ता शोर भी लोगों परेशान करता रहा।
3 of 5
मेडिकल कॉलेज पुल से जेके मंदिर मार्ग पर लगा भीषण जाम
- फोटो : amar ujala
एम्बुलेंस और जरूरी सेवाएं भी फंसीं
दोपहिया वाहन चालकों को भी निकलने में भारी दिक्कत हुई। एंबुलेंस जैसी जरूरी सेवाओं को भी जाम में फंसना पड़ा। यातायात पुलिस ने कई चौराहों पर अतिरिक्त बल लगाकर व्यवस्था संभालने की कोशिश की, लेकिन वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण हालात सामान्य होने में समय लगा। सबसे ज्यादा जाम मोतीझील, मेडिकल कॉलेज पुल, जेके मंदिर, परमट मंदिर के आसपास लगा। यहां घंटों वाहन फंसे रहे। पुलिसकर्मियों को बड़े चौराहे, फूलबाग और परेड चौराहे पर लगातार मशक्कत करते देखा गया।
4 of 5
कानपुर ट्रैफिक जाम
- फोटो : amar ujala
इन चार कारणों से लगा जाम
- दुकानदारों द्वारा फुटपाथ पर किया गया अतिक्रमण।
- ग्राहकों द्वारा सड़क पर बेतरतीब ढंग से वाहन पार्क करना।
- कई विभागों द्वारा शहर की सड़कों पर की जा रही खोदाई।
- उलटी दिशा में वाहनों का चलना।
5 of 5
कानपुर ट्रैफिक जाम
- फोटो : अमर उजाला
यातायात व्यवस्था संभालने के लिए स्टाफ की तैनाती पहले से ही कर दी गई थी, हालांकि कुछ स्थानों पर अचानक भीड़ बढ़ने से कुछ देर जरूर के लिए वाहनों की लाइन जरूर लगी लेकिन जाम जैसे हालात नहीं थे। -रविंद्र कुमार, डीसीपी ट्रैफिक