सर्दियों के मौसम में शहरवासी देसी-विदेशी पक्षियों समेत अन्य वन्यजीवों को आसानी से देख सकें, इसलिए शनिवार को चिड़ियाघर स्थित जंगल सफारी को फिर खोल दिया गया है। जंगल सफारी के अंदर बने वाच टॉवर और झील के ऊपर बने लकड़ी के पुल पर खड़े होकर पक्षियों और धूप सेंकते घड़ियाल देख दर्शक रोमांचित हो उठे।
Kanpur: चिड़ियाघर में फिर से खोला गया जंगल सफारी, विदेशी पक्षी व धूप सेंकते घड़ियाल देख दर्शक हुए रोमांचित
हर ग्रुप को एक नेचर गाइड उपलब्ध कराया जाएगा जो दर्शकों के समूह को सुरक्षित तरीके से पूरे क्षेत्र में घुमाएगा। जीव-जंतुओं की जानकारी भी देगा। गाइड के लिए सोसाइटी फॉर प्रोटेक्शन ऑफ वाइल्ड लाइफ एंड नेचर (स्पॉन) के साथ करार किया गया है।
जंगल सफारी में प्राकृतिक नजारा देखने के लिए 100 रुपये शुल्क देना होगा। इस बार 10 लोगों के ग्रुप को दो घंटे के लिए प्रवेश दिया जाएगा। अकेले किसी भी दर्शक को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सुबह 9 से 4 बजे तक खुला रहेगा। चिड़ियाघर के अंदर करीब 32 हेक्टेयर में जंगल सफारी फैला है। करीब 15 वर्ष के बाद दर्शकों के लिए जनवरी 2022 में खोला गया था।
यहां पर दर्शकों को जंगली जानवरों के साथ प्राकृतिक जंगल का नजारा भी देखने को मिलता है। वाच टॉवर पर खड़े होकर दर्शक झील व रंग बिरंगे विदेशी पक्षियों का नजारा ले सकते हैं। अगस्त 2022 में जंगल सफारी में सांप व अन्य जीव जंतु के निकलने के कारण परिसर बंद किया गया था। अब फिर से इसे दर्शकों के लिए खोल दिया गया है। प्रति व्यक्ति 100 रुपये और 12 वर्ष से कम आयु के दर्शकों को 50 रुपये शुल्क देना होगा। निगरानी के लिए 12 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
फोन पर कर सकते हैं एडवांस बुकिंग
कानपुर चिड़ियाघर के जंगल सफारी क्षेत्र में घूमने के लिए एडवांस बुकिंग का प्रावधान किया गया है। लोग गाइड अविरल पाल से मोबाइल नंबर 8707294980 और ऋषभ पांडेय से 9899493155 पर संपर्क कर सकते हैं।