यूपी के फर्रुखाबाद जिले में कोतवाली अंतर्गत एक मोहल्ला निवासी बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा घुमना स्थित एक कोचिंग सेंटर में प्रतिदिन कोचिंग पढ़ने जाती है। बुधवार की सुबह भी वह कोचिंग गई थी। सुबह करीब 9.10 बजे छात्रा ने फोन कर परिजनों को बताया कि वह कोचिंग में पढ़ने नहीं, बल्कि आत्महत्या करने के लिए गंगा में कूदने जा रही है। उसके स्कूल बैग में चिट्ठी रखी है, जो पढ़ लेना। इसके बाद छात्रा ने कॉल काट दी।
यह सुनते ही परिजनों ने छात्रा का बैग खोलकर देखा तो उसमें चिट्ठी लिखी रखी थी। जिसमें लिखा था कि कई दिनों से कुछ शोहदे उसे आते-जाते परेशान करते हैं।
इसके बाद छात्रा ने लिखा कि शोहदे उसके ऊपर तेजाब डालने की धमकी देने के साथ ही शिकायत करने पर परिजनों को भी अंजाम भुगतने की चेतावनी देते हैं। परिजन परेशान न हो इसलिए घर में शिकायत नहीं की। वह गंगा में कूदने जा रही है।
परिजनों ने पांचाल घाट जाकर छात्रा की तलाश की लेकिन उसका पता नहीं चला। पिता ने शहर कोतवाली में तहरीर दी है। छात्रा द्वारा लिखी गई चिट्ठी भी दी गई है। परिजनों ने बेटी को कई स्थानों पर तलाश किया लेकिन खबर लिखे जाने तक उसका कोई पता नहीं चला था।
शहर कोतवाल राजेश पाठक ने इस मामले में कोई जानकारी होने से इनकार किया है।