ट्रेलर रिलीज होते ही विवादों में घिरी बॉलीवुड फिल्म ‘द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ में सोनिया गांधी का किरदार निभाने वाली सुजैन बरनर्ट को राजनीति में कोई दिलचस्पी नहीं है। कानपुर के शिवाला इलाके में रहने वाले एक्टर अखिल मिश्रा की पत्नी सुजैन ने अपनी आने वाली फिल्म से जुड़े कई अनुभव साझा किए।
उन्होंने कहा कि मैंने ट्विटर पोस्ट पर एक पोस्टर में डॉ. मनमोहन सिंह के रूप में सीनियर एक्टर अनुपम खेर को देखा तो मुझे लगा किसी फिल्म की कास्टिंग चल रही है। मैं उस वक्त जर्मनी में छुट्टियां बिता रही थी। मैंने अपनी मां की शॉल ली और पति का चश्मा। इन दो उधार की चीजों के साथ मैंने अपना एक वीडियो रिकॉर्ड करके भेज दिया। मुझे लगा था कि मैं सेलेक्ट नहीं हो पाऊंगी। लेकिन मैं मुंबई लौटी तो मेरे पास फिल्म ‘द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ में सोनिया गांधी का किरदार करने के लिए फोन आ गया। हालांकि मैं टीवी धारावाहिक 7 आरसीआर में भी सोनिया गांधी बन चुकी हूं लेकिन फिल्म और सिरीज में काम करना बिल्कुल अलग अनुभव रहा।
जर्मनी में पैदा हुईं कानपुर की बहू एक्ट्रेस सुजैन बरनर्ट राम मोहन का हाता, शिवाला निवासी जाने-माने बॉलीवुड अभिनेता अखिल मिश्रा की पत्नी हैं। सुजैन कभी कानपुर नहीं आई हैं। मुंबई के मीरा रोड में अखिल और उनकी पत्नी सुजैन साथ में रहते हैं। 35 साल की सुजैन ने एक्टर अखिल मिश्रा से 2009 में शादी की थी। कलर्स टीवी के मशहूर धारावाहिक ‘चक्त्रस्वर्ती अशोक सम्राट’ में राजमाता हेलेना का किरदार निभाया था।
सुजैन पहली ऐसी विदेशी अभिनेत्री हैं, जिन्होंने भारतीय टीवी सीरियल में खलनायिका का किरदार निभाया। साल 2005 में सुजैन एक्टिंग की दुनिया में अपना कैरियर बनाने के लिए जर्मनी से मुंबई आई थीं। सुजैन सबसे पहले मुंबई आकर थिएटर से जुड़ीं। इसके बाद टीवी की दुनिया की तरफ रुख किया। सुजैन ने ‘हनीमून ट्रेवल्स प्राइवेट लिमिटेड’ और ‘नो प्रॉब्लम’ फिल्मों में भी काम किया। एक थियेटर के सिलसिले में उनकी मुलाकात कानपुर निवासी एक्टर अखिल मिश्रा से हुई।
इसके बाद 3 फरवरी 2009 को दोनों ने शादी कर ली। सुजैन अंग्रेजी, जर्मन के अलावा बंगाली, मराठी और हिंदी धाराप्रवाह बोल लेती हैं और लावणी नृत्य में उन्हें महारत भी हासिल है। सुजैन की फिल्म 11 जनवरी को देशभर में रिलीज होगी।