कन्नौज जिले के गुरसहायगंज थाना क्षेत्र में नशे करने से टोकने से खफा पति ने पहले पत्नी की गोली मारकर हत्या करदी, उसके बाद खुद भी पंखे में फंदा से लटकर जान दे दी। सोमवार की रात हुई इस दोहरी मौत की जानकारी मंगलवार की सुबह तब हुई जब सोकर उठे बच्चों ने अपने बाबा को पूरी जानकारी दी।
Kannauj Murder Case: पहले पत्नी को मारी गोली, फिर खुद फांसी के फंदे पर झूला, आखिर क्यों दिया वारदात को अंजाम?
जानकारी के अनुसार, सोमवार की रात भी नशे को लेकर पत्नी के टोकने पर दोनों में विवाद हो गया। इससे तैश में आकर संजू ने 315 बोर के तमंचे से पत्नी गीता की कनपटी में गोली मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी की मौत से वह घबरा गया और खुद भी कमरे में ही पंखे पर रस्सी का फंदा डालकर उससे लटक गया।
सुबह पोती ने बाबा को दी पिता की मौत की जानकारी
मंगलवार की सुबह संजू की छह वर्षीय पुत्री लाजो ने अपने घर से कुछ ही दूरी पर रह रहे बाबा राधेश्याम को जाकर बताया कि पिता का शव फंदे से लटका है। राधेश्याम ने बताया कि घर पहुंचने पर उन्होंने पहले चारपाई पर गीता को मृत अवस्था में देखा और इसके बाद जब अंदर कमरे में गए, तो वहां संजू का शव छत में लगे पंखे से झूल रहा था।
मौके पर पहुंचे पुलिस अफसर, जुटाई जानकारी
वारदात की सूचना पर पहले मझपुरवा चौकी प्रभारी सुरेश चंद्रपाल मौके पर पहुंचे। उनकी सूचना पर एएसपी डॉ. अरविंद कुमार और कोतवाली प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह भी पहुंचे और छानबीन कर जानकारी ली। एएसपी ने बताया कि परिवार और गांव वालों से मिली जानकारी के आधार पर पति-पत्नी के बीच विवाद का मामला सामने आया है।
रोज झगड़ते थे पति-पत्नी, पड़ोसी भी नहीं देते थे ध्यान
नशे को लेकर हुए विवाद ने न सिर्फ पति-पत्नी की जान ली, बल्कि उनके तीन मासूम बच्चों के सिर से मां-बाप का साया उठ गया। पति-पत्नी के बीच रोजाना होने वाले झगड़े से लोग वाकिफ थे और उन्होंने सोमवार की रात भी हुए झगड़े में कोई भी दिलचस्पी नहीं दिखाई।