यूपी के कानपुर में एक अनाेखा मामला सामने अाया है। यहां तैनात एक महिला इंस्पेक्टर काे पिछले कुछ दिनाें से एक लड़का फाेन पर परेशान कर रहा है। महिला इंस्पेक्टर ने इसकी शिकायत एसएसपी से की, जानिए फिर क्या हुअा।
शोहदों से आम महिलाएं और लड़कियां ही नहीं महिला पुलिस इंस्पेक्टर भी परेशान हैं। एसएसपी दफ्तर में तैनात एक महिला इंस्पेक्टर ने कप्तान से एक सिरफिरे शोहदे से बचाने की गुहार लगाई है। पीड़िता ने बताया कि शोहदा अलग-अलग नंबरों से फोन कर अश्लीलता करता है।
शिकायत के बाद एक पुलिस अफसर ने उक्त नंबर पर कॉल की तो आरोपी ने उन्हें भी धमका दिया। सिविल लाइंस स्थित पुलिस कॉलोनी में रहने वाली महिला इंस्पेक्टर एसएसपी दफ्तर में तैनात हैं। उनके पति भी सबइंस्पेक्टर हैं। मंगलवार को महिला इंस्पेक्टर एसएसपी के पास पहुंचीं।
कहा कि एक शख्स पिछले 15 दिनों से मोबाइल पर उन्हें तंग कर रहा है। रात में कई बार नंबर बदल-बदल कर फोन कर अश्लील बातें करता है। एतराज करने पर शोहदा गाली और धमकी देता है। एसएसपी ने मौके से एक अफसर से फोन भी मिलवाया लेकिन शोहदे ने बदसलूकी कर दी। पीड़िता ने एसएसपी से तहरीर ली है।