यूपी के राठ में एक चाैका देने वाला मामला सामने अाया है। दो माह पहले पति की इलाज के दौरान मौत हो जाने पर महिला के ससुरालीजन जबरन जेठ से शादी करने पर मजबूर कर रहे हैं। महिला के मना करने पर ससुरालीजनों ने उसे कमरे में बंदकर जमकर मारापीटा।
राठ कस्बे के छोटी जुलहेटी मोहल्ला निवासी विनीता ने बताया कि उसके पति अशोक की आठ जनवरी को बीमारी से मौत हो गई थी। महिला ने आरोप लगाया कि ससुर बाबूलाल, जेठ अनिल कुमार, सास शान देवी एक राय होकर 10 जनवरी की शाम करीब पांच बजे उसे कमरे में बंद कर जान से मारने की नियत से जमकर पीटा।
उसके बाद ससुरालीजनों ने पंखे पर लटका कर मारने की कोशिश की। महिला ने बताया कि उसी दौरान उसने अपने पिता को फोन पर सूचना दी। महिला ने बताया कि पिता के आने पर ससुरालीजनों ने उसे व उसकी नाबालिग पुत्रियों को कमरे में बंद कर दिया।
जब पिता ने जानकारी ली तो उसके पिता के साथ गाली गलौज करने लगे। पिता ने विरोध किया तो ससुरालीजनों ने धमकी दी। कोतवाल अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।