प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री याेगी अादित्यनाथ ने एंटी रोमियो दस्ते की शुरुअात की थी वह कड़ाके की ठंड में कहीं दुबका हुअा बैठा है। ये दस्ता स्कूल, काॅलेजाें अाैर उन जगहाें के लिये तैयार किया गया था जहां महिलाअाें से छेड़छाड़ की सबसे अधिक घटनाये सामने अाती हैं। अब यह दस्ता ठंड की मार झेल रहा है।
सर्दियों में कहीं दुबक गया है एंटी रोमियो दस्ता
छेड़खानी पर अंकुश लगाने को गठित एंटी रोमियो दस्ता सर्दियों में कहीं दुबक गया है। इस कारण शोहदों के हौसले बढ़े हैं। कोंच में शनिवार को दो मामले हुए। एक मामले में होमगार्ड और पीड़ित महिला के पति के बीच ही गुत्थमगुत्था हो गई और मौके का फायदा उठाकर आरोपी आपे चालक भाग निकला। जबकि दूसरे मामले में पुलिस शोहदे को पकड़कर थाने ले आई है।
महिला के पति से ही भिड़ गया होमगार्ड
मारकंडेयश्वर तिराहे पर आपे में सवार दंपति के साथ चालक की कहासुनी हो गई। आरोप है कि चालक ने महिला से अश्लील हरकत की थी, जिसका उसके पति ने विरोध किया था। अभी दोनों के बीच कहासुनी चल ही रही थी कि तभी होमगार्ड वहां पहुंच गए और चालक के खिलाफ कार्रवाई के बजाए उल्टे पति से ही भिड़ गए। इससे चौराहे पर खासा हंगामा शुरू हो गया।
होमगार्ड ने कहा शराब के नशे में धुत था महिला का पति
इस बीच चालक मौके से आपे लेकर फरार हो गया। होमगार्डों का कहना था पति शराब के नशे में धुत था। होमगार्ड की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस दंपति को कोतवाली ले गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। दूसरी घटना में मटर तोड़ रही महिला के साथ गांव के ही एक शोहदे बंजे ने छेड़खानी कर दी।
महिलाओं ने मौके पर पहुंचकर आरोपी की पिटाई कर दी
महिला चीखी तो आसपास काम कर रहीं अन्य महिलाओं ने मौके पर पहुंचकर आरोपी की पिटाई कर दी। इस बीच किसी ने पुलिस को सूचना कर दी। मौके पर पहुंचे सिपाही आरोपी को लेकर कोतवाली पहुंचे हैं। सीओ रुक्मिणी वर्मा का कहना है कि ऐसा नहीं है कि एंटी रोमियो दस्ता काम नहीं कर रहा है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी, यदि होमगार्ड गलत हैं तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।