आईआईटी कानपुर के एल्युमनाई एसोसिएशन, एंटरप्रिन्योरशिप सेल और टाई यूपी की ओर से आयोजित ‘स्टार्टअप मास्टर क्लास’ में मुख्यमंत्री ने रोजगार से लेकर आम आदमी की अन्य समस्याओं पर बेबाकी से अपनी बातें रखीं। बातों ही बातों में सीएम ने छात्रों को मंत्रों की घुट्टी भी पिलाई। जानें किन मुद्दों पर सीएम ने क्या कहा...
मुख्यमंत्री ने कानपुर आईआईटी में कहा कि सभी को धार्मिक पुस्तकें पढ़नी चाहिए। इससे ज्ञान की वृद्घि होती है। उन्होंने आईआईटीयंस को श्रीराम का अनुसरण करने के लिए कहा।
मुख्यमंत्री बोले, श्रीराम ने जब रावण पर विजय हासिल की थी तो लक्ष्मण ने उन्हें लंका पर राज करने का प्रस्ताव दिया था लेकिन श्रीराम ने अपनी जन्मभूमि को छोड़कर कहीं और राज करने से मना कर दिया था।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने आईआईटीयंस से कहा कि आप लोग पढ़ते यहां हो लेकिन अपने कदम पहाड़ों की तरफ कर लेते हो। ऐसी स्थिति में आप लोग श्रीराम की बातों को याद रखिएगा।
फरवरी के बाद कानपुर-बुंदेलखंड में रहेगी पानी की समस्या
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें चिंता है कि फरवरी के बाद कानपुर और बुंदेलखंड में पानी की गंभीर समस्या होगी। कहा कि यूपी से सटे नेपाल में खूब बारिश होती है लेकिन यहां बादल आकर चले जाते हैं। ऐसी स्थिति से निपटने के लिए वह कृत्रिम बारिश कराना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों से बातचीत भी की है।