हमीरपुर के राजकीय बालिका इंटर कालेज (जीजीआईसी) में अमर उजाला की ओर से आयोजित भविष्य ज्योति सम्मान समारोह में बुधवार को एक मंच पर हाईस्कूल व इंटर के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में 50 मेधावी छात्रों को जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक व जिला पंचायत अध्यक्ष ने मेडल व प्रशस्ति पत्र दिया।
अमर उजाला भविष्य ज्योति सम्मान 2019: हाईस्कूल व इंटर के 50 मेधावियों को मिले मेडल व प्रशस्ति पत्र
जीजीआईसी में कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप जलाकर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष जयंती राजपूत ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना व डीआईओएस रतन सिंह ने दीप जलाया। विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत व सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
शिक्षा से ऊंचाइयों को छुआ जा सकता है : डीएम
अमर उजाला भविष्य ज्योति सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि यह सभी के लिए गौरव की बात है कि आप लोगों को अमर उजाला की तरफ से यह सम्मान मिला है। उन्होंने कहा शिक्षा ही एक ऐसा मार्ग है, जिससे ऊंचाइयों को छुआ जा सकता है। खूब पढ़ो और आगे बढ़ो। उन्होंने छात्रों से पर्यावरण को संरक्षित करने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने को प्रेरित किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष जयंती राजपूत ने कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए कड़ी मेहनत करें। साथ ही जीवन में अच्छा व्यवहार अपनाएं। कहा कि कोई भी ऐसा कार्य नहीं है जिसे न पूरा किया जा सके। पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना ने छात्रों की जिंदगी के हर मुकाम पर सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया। जिला विद्यालय निरीक्षक रतन सिंह ने सभी छात्रों को उनके बेहतर भविष्य की कामना करते हुए सभी का मनोबल बढ़ाते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।