आभूषण कारोबारियों के लिए मिनी धनतेरस साबित होने वाली अक्षय तृतीया के लिए सराफा बाजार तैयार है। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए सोने-चांदी के अलावा हल्के वजन वाले डायमंड सेट पहली बार बाजार में पेश किए गए हैं। पेश है ज्वैलरी बाजार की एक रिपोर्ट ...
डायमंड सेट की कीमत एक से डेढ़ लाख रुपये के बीच है। इसके अलावा टेंपल, टर्की, कुंदन ज्वैलरी के सेट, हथ फूल, अंगूठी व डिजाइनर कड़े भी बाजार की शोभा बढ़ा रहे हैं। चांदी (हॉलो) के बने शिव परिवार, गणेश, राम दरबार की खास डिमांड है।
एक लाख का डायमंड सेट
ग्राहकों को लुभाने के लिए बाजार में खास डिजाइन वाले कम वजनी डायमंड सेट आए हैं। अमूमन डायमंड की छोटी सी रिंग की शुरूआती कीमत 25 हजार होती है। महिलाओं की पसंद को ध्यान में रखकर बाजार में ये सेट पहली बार आए हैं। इनकी रेंज एक लाख से शुरू होकर पांच लाख तक है।
ठोस नहीं हॉलो चांदी की मूर्तियों की मांग
ग्राहकों की पसंद बदल रही है। अब ठोस के बजाय हॉलो (खोखली) चांदी की मूर्तियों की मांग बढ़ी है। बाजार में कई रंग और डिजाइन की मूर्तियां बाजार में उपलब्ध हैं। इनकी रेंज 800 से 15 हजार रुपये है।
पुरुषों के लिए डिजाइनर कड़े
बाजार में डिजाइनर कड़े आए हैं। यह पतले और लुक में भी शानदार हैं। वजन के अनुसार इनकी कीमत 60 हजार से एक लाख रुपये है।