मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूर्व की सरकारों के तुष्टीकरण की वजह से दंगे होते थे। दंगाइयों को मुख्यमंत्री दरबार में सम्मानित किया जाता था। हिंदुओं पर झूठे मुकदमे दर्ज कराए जाते थे। सरकार के गुंडे-माफिया का कहर जनता पर टूटता था, लेकिन अब बहन-बेटियों की इज्जत और आस्था के साथ कोई खिलवाड़ करने की हिम्मत नहीं कर सकता है। दंगा करने, सरकारी व व्यापारियों की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर ऐसी कार्रवाई होगी कि भरपाई करते-करते उनकी सात पीढ़ी निकल जाएंगी।
यूपी: सीएम योगी बोले- पहले दंगाई सम्मानित होते थे, आज जब्त होती है संपत्ति, पढ़ें पूरे कार्यक्रम की अहम बातें
18 महीने में बनकर तैयार होंगे मेडिकल कॉलेज : सुरेश खन्ना
जनसभा में कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने से पहले सूबे में चिकित्सा सुविधाएं सीमित थीं। अब प्रदेश में तमाम मेडिकल कॉलेज और दो एम्स बन रहे हैं। ये 18 महीने में बनकर तैयार हो जाएंगे। कोरोना काल में योगी आदित्यनाथ द्वारा किए गए काम की प्रशंसा डब्लूएचओ और केंद्र सरकार ने भी की है। कोरोना अब यूपी में समाप्ति की ओर है। सरकार के उत्साह और व्यवस्था में कोई कमी नहीं है। यूपी में हुए टीकाकरण को पूरी दुनिया ने सराहा है।
शहरों में 24 घंटे बिजली, बढ़ा महिला सम्मान: कपिलदेव अग्रवाल
जिले के प्रभारी मंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने कहा कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने से पहले गरीबों के घर में शौचालय तक नहीं थे। बेटी रात को डर की वजह से शौच भी नहीं जा पाती थी। अब गांवों में 18 घंटे, तहसीलों में 20 और शहरों में 24 घंटे बिजली आ रही है। भारत के टुकड़े करने का नारा देने वाले लोग नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ के खिलाफ षड्यंत्र कर रहे हैं। उन्हें कामयाब नहीं होने देना है।
अपराधियों की तबाही आई: अशोक कटारिया
परिवहन मंत्री अशोक कटारिया ने कहा कि जब से योगी सरकार आई है, अपराधियों की तबाही आई है। पहले ईमानदार लोग सिर झुकाकर और गुंडे सिर उठाकर चलते थे लेकिन अब व्यवस्थाएं बदल गईं हैं। अब अपराधियों को जेल और गाड़ी में जाने में डर लग रहा है। दूसरी सरकारों में पुलिस भर्ती की सूची पहले ऊपर से आती थी और 15 से 20 लाख रुपये की रिश्वत ली जाती थी। योगी सरकार में साढ़े चार लाख नौकरी दी गईं लेकिन भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा। प्रदेश में चार लाख करोड़ का निवेश आया है।
गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार पूरी तरह खत्म: ओम कुमार
विधायक ओम कुमार ने कहा कि प्रदेश में गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार पूरी तरह खत्म हो गए हैं। प्रदेश में हर कीमत पर भाजपा की सरकार बनेगी और जिले की सभी सीट भाजपा जीतेगी।
प्रदेश से भाग गए गुंडे : कमलेश सैनी
विधायक कमलेश सैनी ने कहा कि प्रदेश में अब मां बहनें सुरक्षित हैं। पहले बहन बेटी घर से बाहर जाती थीं तो चिंता होती थी। अब गुंडे प्रदेश से भाग गए या भूमिगत हो गए हैं।