बिजनौर जनपद के धामपुर में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या का कारण दहेज में दो लाख और बाइक नहीं मिलना बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार महिला अपने मायके में रह रही थी, वहीं पर वारदात को अंजाम दिया गया है। बताया गया कि प्रेम-प्रसंग के बाद दोनों ने प्रेम विवाह किया था।
Murder: मोहब्बत से शादी तक पहुंचा रिश्ता, फिर मारपीट करने लगा पति, खाने के लिए नहीं देता था रोटी, देखें मर्डर की तस्वीरें
बताया गया कि आरोपी सुमित गुरुवार की शाम अपनी ससुराल उमरपुर बांगर आया। रात में यहीं ठहरा। शुक्रवार दोपहर आरोपी ने सब्जी काटने वाले चाकू से रश्मी का गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। राजपाल ने आरोपी सुमित के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
खाने के लिए नहीं देता था रोटी
रश्मी के पिता राजपाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आरोपी सुमित रश्मी से दहेज में दो लाख की नकदी और बाइक की मांग करता आ रहा था। रश्मी के मना करने पर वह उसके साथ मारपीट करने लगा था और खाने को रोटी तक नहीं देता था। इसी डर की वजह से रश्मी सुसराल जाने को मना करती थी। वह एक दो बार ही अपनी सुसराल गई।
भागने के बजाए घर के बाहर बैठा मिला आरोपी
शुक्रवार को दिन में काम करने के लिए घर से सभी लोग बाहर चले गए तो आरोपी ने करीब साढ़े 12 बजे नशे की हालत में रश्मी की हत्या कर दी। घटना का पता तब लगा जब परिवार के लोग घर आए और उन्होंने रश्मी के रक्त रंजित शव को चारपाई पर पड़ा देखा। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी सुमित ने घटना को नशे की हालत में अंजाम दिया है। बताया गया कि परिवार के लोग घर पहुंचे तो वह नशे की हालत में घर के बाहर बैठा मिला।
प्रेम-प्रसंग के बाद किया था विवाह
ग्रामीणों के अनुसार सुमित और रश्मी हरिद्वार में एक ही कंपनी में काम करते थे। दोनों में काफी दिन तक प्रेम-प्रसंग चलता रहा। सुमित जाट बिरादरी और रश्मी अनुसूचित वर्ग की होने के कारण दोनों ने जिद करके अपने परिवार को शादी के लिए राजी किया। जिसके बाद दोनों परिवारों ने उनकी शादी कराई दी थी। आरोप है कि शादी के बाद सुमित बदल गया और दहेज की मांग करने लगा था।