{"_id":"66af1af70d4413a8f50647ba","slug":"bijnor-after-killing-a-friend-he-decapitated-him-also-cut-off-his-hands-and-legs-with-a-knife-2024-08-04","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"बिजनौर: दोस्त की हत्या कर सिर धड़ से अलग किया, चाकू से हाथ पैर भी काट डाले","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बिजनौर: दोस्त की हत्या कर सिर धड़ से अलग किया, चाकू से हाथ पैर भी काट डाले
Sun, 04 Aug 2024 12:10 PM IST
मोहम्मद मुस्तकीम
अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ
अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ
Published by: मोहम्मद मुस्तकीम
Updated Sun, 04 Aug 2024 12:10 PM IST
सार
बिजनौर ने एक दोस्त ने अपने दोस्त की हत्या कर सिर, हाथ और पैर काटकर अलग कर दिए।
विज्ञापन
मृतक आसिफ का फाइल फोटो।
- फोटो : Amar ujala
विस्तार
विज्ञापन
कोतवाली देहात के गंगोड़ा शेख में मित्रता दिवस पर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक दोस्त ने दोस्त को ही चाकू से ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद उसका सिर काटकर धड़ से अलग कर दिया। हाथ पैर भी काट दिए और शव के टुकड़ों को गन्ने के खेत में दबा दिया। पुलिस ने घटना के नौ दिन बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना क्षेत्र के ग्राम गंगोड़ा शेख निवासी आसिफ (26) पुत्र इकरामुद्दीन 26 जुलाई से लापता था। परिजनों ने आसिफ की गुमशुदगी थाने में दर्ज कराई थी।परिजनों ने बताया कि आसिफ मुंबई में एक सैलून में काम करता था और वहीं किराए पर रहता था। कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर गांव आया था। परिजन लगातार थाने के चक्कर काटते रहे, लेकिन पुलिस आसिफ को बरामद नहीं कर पा रही थी। परिजनों का आरोप है कि पुलिस आसिफ को तलाश करने के बजाय उन्हें थाने से टरका देती थी।
विज्ञापन
शनिवार को परिजनों ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आसिफ को बरामद करने की मांग की थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने थाना कोतवाली देहात पुलिस और नगीना सीओ को मामले में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। पुलिस ने जांच शुरू की और आसिफ की कॉल डिटेल खंगाली। इसके आधार पर आसिफ के दोस्त अयान को हिरासत में ले लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर अयान ने सारी बात बता दी। उसने बताया कि 9 दिन पहले आसिफ को फोन करके बुलाया था। इसके बाद दोनों ने शराब पी। नशे में दोनों के बीच कहासुनी और मारपीट हो गई। अयान ने आसिफ पर चाकू से कई वार किए। उसके सिर को धड़ से अलग कर दिया। हाथ और पैरों को भी निर्ममता से काट डाला। शव को कई टुकड़ों में बांटकर गांव के बाहर गन्ने के खेत में दबा दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव को बरामद कर लिया है।
विज्ञापन
पुलिस की लापरवाही हुई उजागर
26 जुलाई से लापता आसिफ को परिजन तलाशते रहे और पुलिस से गुहार लगाते रहे लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। बताया जाता है कि सीडीआर के आधार पर पुलिस ने 29 जुलाई को अयान को हिरासत में लिया था लेकिन लकड़ी के एक ठेकेदार ने अयान को थाने से छुड़ा लिया था। सीओ नगीना राकेश वशिष्ठ ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है । आला कत्ल बरामद करने की कोशिश की जा रही है। आरोपी गांव का ही है और दर्जी का काम करता है।