भीषण गर्मी में बिजली कटौती को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। लखीमपुर खीरी जनपद के मोहम्मदी में बुधवार को बिजली कटौती पर लोगों को गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साए लोगों ने बिजलीघर में घुसकर जेई की पिटाई कर दी। उधर, शाहजहांपुर में बिजली कटौती से व्यापार पर पड़ रहे असर से परेशान व्यापारियों ने विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। एक दिन पहले बरेली के मीरगंज क्षेत्र में बिजली न आने से परेशान ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया था।
लखीमपुर खीरी जिले में बिजली व्यवस्था ऐसी बिगड़ी है कि हर तहसील क्षेत्र में हाहाकार मचा है। मोहम्मदी तहसील के गोकन नया गांव को बिजली सप्लाई देने वाला ट्रांसफार्मर फुंक गया। 43 डिग्री तापमान में भीषण गर्मी में बिजली नहीं आने से लोग बेहाल हैं। ट्रांसफार्मर फुंकने से यहां के लोगों ने मंगलवार को बिजली संकट झेला। बुधवार को फुंका ट्रांसफार्मर न बदले जाने से नाराज आधा दर्जन से अधिक लोग दोपहर में जेई के कार्यालय आ धमके और हंगामा शुरू कर दिया।
2 of 5
लोगों ने बिजलीघर में घुसकर जेई को पीटा
- फोटो : अमर उजाला
उपभोक्ताओं ने बिजलीघर के अंदर ही अवर अभियंता के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि प्रदर्शन करने वालों ने कार्यालय में कुछ अभिलेख भी फाड़ दिए। हंगामा ज्यादा होने पर किसी ने पुलिस को फोन कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्यालय में घुसी भीड़ को सख्ती के साथ बाहर निकाला। हंगामा करने वालों ज्यादातर किसान पहुंचे थे।
3 of 5
शाहजहांपुर में व्यापारियों ने किया प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
शाहजहांपुर में बिजली कटौती ने सभी वर्ग के लोगों को परेशान कर दिया है। दिन में बिजली की ट्रिपिंग के कारण व्यापारियों का धंधा भी ठप पड़ा है। इससे नाराज व्यापारी उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल कंछल गुट के पदाधिकारियों के साथ बुधवार दोपहर अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचे। कार्यालय के बाहर प्रदर्शन के बाद व्यापारियों ने अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन दिया।
4 of 5
शाहजहांपुर में व्यापारियों ने एसई को ज्ञापन दिया
- फोटो : अमर उजाला
व्यापारियों ने मांग की गई है कि दिन में बिजली कटौती न की जाए। बार-बार बिजली ट्रिप होने से भी रोकी जाए। ट्रांसफार्मर फुंक जाने पर तत्काल ट्रॉली ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति सुचारू की जाए। साथ ही जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर बनवा दिया जाए। व्यापारियों ने कहा कि अगर बिजली कटौती पर लगाम नहीं लगी तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
5 of 5
दुनका गांव में बिजली न आने पर प्रदर्शन करते ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
बरेली के मीरगंज क्षेत्र के दुनका गांव में पिछले पांच दिनों से बिजली न आने के चलते ग्रामीणों का आक्रोश मंगलवार को फूट पड़ा। ग्रामीणों ने बिजली निगम के खिलाफ अर्द्धनग्न होकर प्रदर्शन किया। जल्द आपूर्ति बहाल न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। प्रदर्शन करने वालों में तौशीब अहमद, बाबू, मुजीब अहमद, बबलू, जीशान, मेवाराम गुप्ता, कपिल गंगवार, भरत शर्मा आदि शामिल रहे।