उत्तर प्रदेश ग्रामीण खेल लीग: 100-200 मीटर दौड़ में रामपुर की सरिता अव्वल, कुश्ती में इन पहलवानों ने जीती बाजी
तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश ग्रामीण खेल लीग जोनल प्रतियोगिता के पहले आईवीआरआई के खेल मैदान पर कई खेल प्रतियोगिताएं कराई गई, जिसमें खिलाड़ियों ने दम दिखाया।
विस्तार
बरेली में युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश ग्रामीण खेल लीग जोनल प्रतियोगिता का शुभारंभ मंगलवार को आईवीआरआई के खेल मैदान पर किया गया। प्रतियोगिता में नौ जनपदों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इसमें जूनियर बालिका वर्ग 100 व 200 मीटर दौड़ में रामपुर की सरिता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 400 मीटर में पीलीभीत की पूर्णिमा गंगवार, 800 में शाहजहांपुर की गुनगुन मौर्य, ऊंची कूद में बदायूं की गुंजन, लंबीकूद में अमरोहा की हिमांशी, चार किलो ग्राम गोला फेंक में अमरोहा की खुशी, चक्का फेंक में अमरोहा की नैंसी ने पहला स्थान हासिल किया।
50 किलोग्राम भारवर्ग कुश्ती में शाहजहांपुर की दीक्षा, 53 किलोग्राम भारवर्ग में बरेली की नीलम गंगवार, 55 किलो में पीलीभीत की अंतरा कुशवाहा, 57 किलो में बरेली की सलोनी शर्मा, 59 किलो में संभल की आयुषी ने पहले स्थान पर कब्जा किया। इसके साथ ही कबड्डी में बिजनौर प्रथम, संभल द्वितीय व वॉलीबॉल में शाहजहांपुर की टीम प्रथम, बिजनौर द्वितीय स्थान पर रहा।