बरेली की ऐतिहासिक राम बरात रविवार को बरसते रंगों और गुलाल की इंद्रधनुषी छटा के बीच निकाली गई। इस दौरान मस्ती में चूर हुरियारों की टोली ढोल नगाड़ों की धुन पर नाचते गाते निकलीं। टोली जिस भी रास्ते से गुजरी उसने हर एक को अपने रंग में रंग डाला। इस दौरान कई स्थानों पर रंगों की मोर्चाबंदी का नजारा भी शानदार रहा। जगह-जगह राम बरात का स्वागत किया गया।
Holi 2024: बरेली में राम बरात में झूमे हुरियारे, बरसा रंग-गुलाल, झांकियां रहीं आकर्षण का केंद्र
इसी दौरान चाहबाई से निकाली गई नृसिंह शोभा यात्रा भी राम बारात के साथ शामिल हो गई। फिर यह दोनों यात्राएं जिला अस्पताल मार्ग से नावल्टी पहुंची जहां मोर्चा खेलने के बाद, रोडवेज होते हुए कालीबाड़ी पहुंची, यहां कई जगह पर डट कर मोर्चाबंदी हुई। राम बारात श्यामगंज से होते हुए साहू गोपी नाथ से मठ की चौकी होकर शिवाजी मार्ग पहुंची। यहां पर भी मोर्चांबंदी का नजारा देखने को मिला।
इसके बाद कुतुबखाना से साहूकारा पहुंचे, लेकिन मोर्चाबंद करते हुए किला से सिटी स्टेशन रोड होते हुए सिटी सब्जी मंडी के रास्ते मलूकपुर होकर पुन: नृसिंह मंदिर बमनपुरी पहुंचने पर विराम दिया गया। प्रवक्ता विशाल महरोत्रा ने बताया कि सोमवार को बमनपुरी से सुबह 11 बजे नृसिंह यात्रा निकाली जाएगी। राम बारात में अध्यक्ष सर्वेश रस्तोगी, महामंत्री अंशु सक्सेना, जनार्धन आचार्य, महेश पंडित, दिनेश दद्दा आदि ने व्यवस्था संभालीं।
शिवाजी मार्ग पर प्रदेश के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री डॉ. अरुण कुमार व कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने प्रभु की आरती कर राम बरात का स्वागत व अभिनंदन किया। इसी तरह इसी मार्ग पर बाबा त्रिवटी नाथ मंदिर कमेटी की ओर से संजीव अग्रवाल के साथ डीपी सिंह, अमित मनोहर सीए नीरज अग्रवाल आदि ने रामबारात का स्वागत किया।