किसानों ने कर्ज लेकर फसल बोई, लेकिन उसे बारिश ने डुबा दिया। जिससे सब्जी की फसल पूरी तरह से बर्बाद हो गई। गेहूं, सरसों की फसल में भारी नुकसान हुआ है, जबकि आम का बौर भी गिरने से बागवानों को नुकसान झेलना पड़ेगा। इस तरह मौसम की सबसे ज्यादा मार किसानों पर पड़ी है।
बागपत का हाल: बारिश में डूबे किसानों के अरमान, कर्ज लेकर बोई थी फसल, अब कैसे भरेंगे जख्म, गवाह हैं ये तस्वीरें
गेहूं और सरसों की फसल में भी काफी नुकसान
बारिश के साथ तेज हवा चलने के कारण गेहूं की फसल भी गिर गई। जिससे काफी नुकसान होगा और उत्पादन पर बीस प्रतिशत तक असर पड़ने की बात कही जा रही है। वहीं सरसों की फसल में 50 प्रतिशत तक नुकसान हो गया है, क्योंकि उसका दाना पक चुका था जो बारिश के कारण गिर गया।
फसल का बीमा कराने वाले किसान लाभ लेने को करें फोन
जिला कृषि अधिकारी बाल गोविंद यादव ने बताया कि जिन किसानों की फसल में नुकसान हुआ है और उन्होंने फसल बीमा योजना के तहत उसका बीमा कराया हुआ है। वह नुकसान की जानकारी देने के लिए टोल फ्री नंबर 18008896868 पर फोन कर सकते हैं। जानकारी देने के बाद उनकी फसल का सर्वे कराया जाएगा। उसके बाद उनको बीमा योजना का लाभ दिया जाएगा।
गेहूं और सरसों की फसल बोई हुई थी। बारिश के कारण गेहूं की फसल गिर गई है और उनकी जड़ भी उखड़ने लगी हैं। वहीं सरसों का दाना गिर गया और खेत में पानी जमा हो गया है। इस तरह काफी नुकसान हुआ है। - रोहताश, बागपत
टमाटर, गोभी, लोकी की करीब 20 बीघा फसल बारिश से खत्म हो गई है। हर साल ब्याज पर पैसा लेकर फसल की बुवाई करते हैं, जिसको फसल बिकने पर चुका देते हैं। इस बार पहले ही भारी नुकसान हो गया। सरकार को मदद करनी चाहिए। - राजीव, मवीकलां
खीरे की फसल 30 बीघा में बोई थी। फसल में खाद व दवाई भी लगा दी, जिससे इस बार फसल अच्छी होने की उम्मीद थी। लेकिन बारिश ने फसल को बर्बाद कर दिया, जिससे करीब छह लाख रुपये का नुकसान है। - जाहिद, नवादा