उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने मई और जून में प्रस्तावित दो बड़ी भर्ती परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। दोनों परीक्षाएं लॉक डाउन के मद्देनजर स्थगित की गई हैं। इनमें एपीओ मेंस-2018 और सम्मिलित राज्य अभियंत्रण सेवा परीक्षा-2020 शामिल हैं। इस बाबत अयोग के सचिव जगदीश ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। सचिव के मुताबिक परीक्षा की नई तिथियां परिस्थितियों को देखते हुए बाद में जारी की जाएंगी।
यूपीपीएससीः लॉकडाउन के मद्देनजर एपीओ मेंस, सहायक अभियंता भर्ती परीक्षा स्थगित
सहायक अभियोजन अधिकारी (एपीओ)-2019 की मुख्य परीक्षा 16 मई और सम्मिलित राज्य अभियंत्रण सेवा परीक्षा-2020 आयोग के कैलेंडर में सात जून को प्रस्तावित थी। लॉक डाउन में फंसे अभ्यर्थी भी इन दोनों परीक्षाओं को स्थगित करने की लगातार मांग कर रहे थे।
एपीओ के 17 पदों पर भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा 16 फरवरी को आयोजित की गई थी। इस परीक्षा के लिए 45311 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए थे, जबकि 18784 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। परीक्षा के बाद कोविड-19 का संक्रमण तेजी से फैलने लगा और मार्च में आयोग में छुट्टी कर दी गई। ऐसे में आयोग प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम भी जारी नहीं कर सका, सो आयोग को 16 मई को प्रस्तावित एपीओ मुख्य परीक्षा स्थगित करनी पड़ गई।
वहीं, सम्मिलित राज्य अभियंत्रण सेवा परीक्षा-2020 के तहत सहायक अभियंता के 712 पदों पर भर्ती होनी है। इनमें सामान्य चयन के 692 और विशेष चयन के 20 पद शामिल हैं। इन पदों पर भर्ती के लिए आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। आयोग के कैलेंडर में यह परीक्षा सात जून को प्रस्तावित है।
लॉक डाउन 17 मई तक घोषित किया गया है। इसक बाद भी लॉक डाउन हटता है या नहीं, अभी स्पष्ट नहीं है। साथ ही कोविड-19 के तहत चिह्नित ग्रीन, ऑरेंज और रेड जोन को लेकर सरकार क्या निर्णय लेती है, यह भी तय नहीं है। अनिश्चितता की स्थिति को देखते हुए आयोग ने सहायक अभियंता भर्ती परीक्षा को भी स्थगित करने का निर्णय लिया है।