अयोध्या पर फैसले सुनाने का एलान होते ही शुक्रवार की रात संगमनगरी के मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में रोजमर्रा की वस्तुओं की खरीद के लिए मारामारी मच घई। लोग अचानक बाजार में टूट पड़े। जो जैसे था वैसे ही बैग, झोला, बोरियां लेकर दुकानों पर पहुंचने लगा। देखते-देखते दुकानों पर आटा-दाल, चावल की खरीद के लिए लूटमलूट जैसी स्थिति पैदा हो गई। रात 12 बजे नखास कोहना की कुछ दुकानों पर चीनी और आंटे का भंडारण खत्म हो गया। इस बीच दुकानों पर अफरातफरी का माहौल शांत कराने के लिए पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा। अपील की जाती रही कि चिंता न करें , सबकुछ रोज की तरह मिलेगा। दुकानें इसी तरह खुली रहेंगी। कुछ भी नहीं होगा। चैन की नींद सोएं, बेफिक्र रहें।
प्रयागराजः अयोध्या पर फैसला सुनाने का एलान होते ही आधी रात दुकानों पर मची आटा-दाल की लूट
जानसेनगंज से आगे घंटाघर से लोकनाथ वाली गली के बीच रात 10 बजे तक ठेलों से आलू, कद्दू, टमाटर व अन्य सब्जियां देखते-देखते बिक गईं। आलू, प्याज की खरीद के लिए ठेले वालों के छीना झपटी होने लगी। यहां से आगे कोतवाली के पीछे कुलहन टोला वाली गली में तो अफरातफरी जैसा माहौल था। रात नौ बजे अकबर किराने की दुकान बंद कर घर चले गए थे, लेकिन अयोध्या पर फैसला आने की खबर जैसे ही टीवी पर चलने लगी, लोग उनको घर से बुलाकर ले आए और फिर कोई चार बोरी तो कोई आठ बोरी आटा, इसी तरह थोक में चावल, दाल की खरीद में जुट गया।
चावस सौ रुपये किलो, आटे के भी दाम उछले
प्रयागराज। खरीददारों की भीड़ उमड़ने के साथ ही मौका देखकर दुकानदारों ने रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम बढ़ा दिए। सामान्य किस्म का चावल सौ रुपये किलो तक बिका। आटा भी 24 रुपये से बढ़कर 26, 30, 35 रुपये किलो तक बिकने लगा।
दवा की दुकानों पर लगी लाइन
प्रयागराज। दवा की दुकानों पर सबसे अधिक भीड़ उमड़ी। लोग बुखार, सर्दी , जुकाम के अलावा पेट व सिर दर्द की दवाएं लेने के लिए लाइन में गे रहे। शाही केमिस्ट, ताज केमिस्ट अयात केमिस्ट के अलावा कायनात मेडिक स्टोर पर दवा की खरीद के लिए हुजूम उमड़ पड़ा था।
सीओ ने संभाला मोर्चा: बेफिक्र होकर घरों में सोएं, कुछ नहीं होगा
प्रयागराज। बाजार में खरीददारी के लिए मची अफरातफरी के बीच रात 12:12 बजे लोगों को तसल्ली दिलाने के लिए सीओ उमेश कुमार खुद पहुंचे। इंस्पेक्टर शाहगंज, इंस्पेक्टर कोतवाली के साथ सीओ लाउड स्पीकर से लोगों को सहज व निश्चिंत रहने का संदेश देने लगे। सीओ ने हिदायत भी दी। कहा कि- आप लोग ठीक हैं तो सब ठीक है। परेशान होने की जरूरत नहीं है। कुछ बी नहीं होगा। आप लोग घरों में आराम से सोइए। दुकानें शनिवार को वैसे ही खुलेंगी जैसे आज खुली हैं। पुलिस रात एक बजे तक दुकानों पर लाइन लगाकर खड़े लोगों को घरों में आराम से सोने की अपील करती रही।