थोक बाजार खुलने के बाद गली मोहल्ले में मिलने वाली आवश्यक सामग्री रविवार को शहर के तमाम इलाकों में पहुंचने लगी। इससे लोगों को थोड़ी सहूलियत भी मिली। हालांकि, होम डिलीवरी व्यवस्था को लेकर लोग ज्यादा खुश नजर नहीं आए। अधिकांश लोगों का कहना था कि आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले जिन मेगा स्टोर के संचालकों ने दावा किया था कि वह ग्राहकों के यहां होम डिलीवरी करेंगे उनका फोन नंबर दिनभर व्यस्त रहा। इस बीच मुट्ठीगंज चौक बहादुरगंज की थोक किराना मंडियों में दोपहर 12:00 बजे तक खासी चहल-पहल रही।
थोक बाजार खुलने के बाद गली मोहल्ले तक पहुंची आवश्यक सामग्री, कई जगह अब भी परेशानी
आटा, दाल, चावल, चीनी एवं रसोई से जुड़ी तमाम खाद्य सामग्रियों की बिक्री के लिए मुट्ठीगंज थोक मंडी सुबह 7:00 बजे ही खुल गई। इस दौरान यहां फुटकर दुकानदार भी जरूरी सामान आदि खरीदने के लिए दुकानों में पहुंचने शुरू हो गए। तमाम थोक विक्रेताओं ने अपनी दुकान के बाहर लोगों के बीच दूरी रहे, इसके लिए घेरे बना रखे थे।
इस बीच एसडीएम सदर भी अफसरों के साथ वहां जायजा लेने पहुंचे। इलाहाबाद गला तिलहन व्यापार मंडल के अध्यक्ष सतीश केसरवानी ने बताया आज अधिकांश फुटकर विक्रेताओं ने आटा, दाल, चीनी आदि की खरीदारी की। रिफाइंड तेल, सरसों का तेल, सब्जी मसाला आदि भी दुकानदारों ने लिया। इसका असर यह रहा कि शहर के जिन मोहल्लों में किराने की दुकान में खानपान का जो स्टॉक खत्म हो गया था, वह रविवार दोपहर से लोगों को उपलब्ध होने लगा।
राजापुर के किराना दुकानदार प्रमिल केसरवानी ने बताया कि मंडी खुलने के बाद आज जरूरत का सारा माल लिया गया। अगर मंडी ऐसे ही खुलती रहेगी तो निश्चित ही गली मोहल्लों की दुकानों में आवश्यक वस्तुओं की कमी नहीं होगी। नैनी के अवकाश प्राप्त शिक्षक नरेंद्र प्रकाश त्यागी ने बताया कि एडीए कॉलोनी की कुछ दुकानों में आटा, चावल, चीनी आदि खत्म हो गई थी। इस वजह से कॉलोनी वालों को असुविधा हो रही थी। लेकिन अब दुकानों में राशन आ जाने से रविवार को समस्या का कुछ हद तक समाधान हुआ।
होम डिलीवरी के लिए करते रहे फोन, लाइन रही व्यस्त
देशव्यापी लॉक डाउन की वजह से शहर के कुछ मेगास्टोर ने आवश्यक वस्तुओं की होम डिलीवरी करने का दावा किया था। इसके लिए कुछ फोन नंबर भी जारी किए गए थे। लोगों ने उन नंबरों पर फोन किया तो वह आज रिसीव ही नहीं हो रहे थे। अधिकांश लोगों की यही शिकायत रहेगी जब भी फोन मिलाओ लाइन व्यस्त ही आ रही थी। सिविल लाइंस निवासी सौरभ मालवीय ने बताया कि उन्होंने बिग बाजार के नंबर पर कई बार फोन किया लेकिन, फोन रिसीव भी नहीं हुआ।यही बात राजरूप पुर की संध्या श्रीवास्तव ने भी दोहराई। इसी तरह सिविल लाइन स्थित एक अन्य स्टोर नाइन इलेवन पर फोन तो रिसीव हुआ लेकिन वहां 2500 की खरीदारी पर ही फ्री होम डिलीवरी की बात कही गई। वह भी स्टोर के दो किलोमीटर के दायरे में। इससे कम की शॉपिंग पर वहां होम डिलीवरी का शुल्क लिए जाने की बात की गई। यहां बताया गया कि लोग व्हाट्सएप्प नंबर पर आर्डर कर सकते हैं। विशाल मेगा मार्ट का भी नंबर ना उठने की शिकायत लोगों ने की।