ताजमहल में आज से सोमवार तक पर्यटक शाहजहां-मुमताज की कब्र वाले मुख्य मकबरे में प्रवेश नहीं कर पाएंगे। 15 अगस्त तक निशुल्क प्रवेश की सुविधा के कारण ताजमहल पर 75 हजार से ज्यादा सैलानी पहुंच रहे थे, जिस वजह से पर्यटकों और स्मारक की सुरक्षा पर खतरा बढ़ गया था। इसको देखते हुए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने यह फैसला लिया है।
अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. राजकुमार पटेल ने बताया कि शनिवार, रविवार और सोमवार को पर्यटक चमेली फर्श से ऊपर मुख्य मकबरे में नहीं जाएंगे। इस मकबरे के लिए सामान्य दिनों में 200 रुपये का अतिरिक्त शुल्क था, लेकिन निशुल्क प्रवेश के दौरान गुंबद पर भारी भीड़ पहुंच रही थी, जिससे पर्यटकों के नीचे गिरने, हादसे की आशंका थी।
शुक्रवार को भारी भीड़ के कारण आगरा किला में दोपहर में पर्यटकों का प्रवेश बंद करना पड़ा। इसे देखते हुए तय किया गया कि 13 से 15 अगस्त तक ताज के मुख्य गुंबद पर प्रवेश बंद रहेगा। इन तीनों दिन चमेली फर्श की सीढ़ियों को आम पर्यटकों के लिए बंद कर दिया जाएगा। पर्यटक चमेली फर्श, मेहमान खाने और मस्जिद की ओर घूम सकते हैं।
2 of 5
आगरा किले के बाहर पर्यटकों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
पांच साल पहले भीड़ के कारण किया था बंद
पांच साल पहले 31 दिसंबर 2017 को एएसआई ने मुख्य मकबरे में पर्यटकों का प्रवेश रोक दिया था। तब भी 50 से 75 हजार तक पर्यटक हर दिन पहुंच रहे थे। हालांकि बाद में अगले दिन ही इसे खोल दिया गया, पर इससे सबक लेते हुए मुख्य गुंबद पर स्टेप टिकटिंग यानी 200 रुपये का अतिरिक्त शुल्क लगा दिया गया। तब से अब तक पर्यटकों की सीमित संख्या ही मकबरे पर जा रही थी।
3 of 5
आगरा किले में भीड़
- फोटो : अमर उजाला
रक्षाबंधन पर शुक्रवार को दोपहर बाद आगरा किला में जबरदस्त भीड़ उमड़ी। किले के गेट पर प्रवेश के लिए 12 कतारें लग गईं। धक्कामुक्की के कारण कतार में लगीं कई महिलाएं गिर गईं। बच्चों की चीख-पुकार मची तो गेट पर हालात बेकाबू हो गए। एसआईएस और पर्यटन पुलिस से हालात न संभले तो थाने से पुलिस बल बुलाया गया।
4 of 5
धक्का-मुक्की में दबा बच्चा
- फोटो : अमर उजाला
दोपहर ढाई बजे पुलिस ने किले में पर्यटकों का प्रवेश बंद करा दिया। जो पर्यटक काफी देर से अंदर थे, उन्हें बाहर निकाला गया। अपराह्न 3:50 बजे जब किला खाली हुआ, तब पर्यटकों का प्रवेश फिर शुरू किया गया। किले पर भारी भीड़ के कारण पर्यटक शाम तक बेहाल रहे।
5 of 5
ताजमहल में लगी पर्यटकों की कतार
- फोटो : अमर उजाला
शुक्रवार को ताजमहल की साप्ताहिक बंदी होती है। दोपहर में दो घंटे केवल नमाजियों के लिए ताज खोला जाता है। ऐसे में रक्षाबंधन की छुट्टी में फ्री में ताजमहल देखने आए लोगों को मायूस होना पड़ा। ताज बंद मिलने पर पर्यटक महताब बाग और दशहरा घाट जा पहुंचे, जहां से ताज की झलक पाकर अन्य स्मारकों का रुख कर लिया।