कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के बढ़ते संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने रात्रि कर्फ्यू लागू कर दिया है। लोगों से एहतियात बरतने के साथ कोविड प्रोटोकॉल पालन करने की अपील की जा रही है, लेकिन मथुरा के वृंदावन में न तो अपील का असर दिखाई दे रहा है और न ही ओमिक्रॉन का डर। तीर्थनगरी के प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।
शनिवार को विश्व प्रसिद्ध श्रीबांकेबिहारी मंदिर में ठाकुरजी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिर परिसर में पैर रखने की जगह तक नहीं बची। संक्रमण से बचाव के लिए उचित शारीरिक दूरी तो दूर की बात है, ज्यादातर श्रद्धालु बिना मास्क के दिखाई दिए। यह हाल तब है जब एक दिन पहले ही मंदिर में दर्शन के लिए उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर प्रबंधन ने वनवे व्यवस्था कर बैरिकेडिंग कर दी थी।
2 of 5
बांकेबिहारी मंदिर में भक्तों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
नववर्ष तक ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन के लिए भारी भीड़ होने की संभावना जताई जा रही है। इसके मद्देनजर मंदिर प्रबंधन ने शुक्रवार को श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग कर वनवे व्यवस्था लागू कर दी है।
3 of 5
बांकेबिहारी मंदिर में भक्तों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के प्रबंधक मुनीष शर्मा ने बताया कि श्रद्धालुओं को मंदिर के गेट नंबर दो, तीन और पांच से प्रवेश और एक व चार से निकासी दी जाएगी। वहीं मंदिर के बाहर गलियों में भी बैरीकेड लगाए गए हैं, जिससे लोग एक मार्ग से ही मंदिर में प्रवेश कर सकें।
4 of 5
बांकेबिहारी मंदिर में भक्तों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
मंदिर प्रबंधक ने यह भी कहा था कि कोरोना के नए वैरिएंट को देखते हुए मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को कोविड नियमों का पालन करने की अपील की जा रही है। लेकिन मंदिर प्रबंधन की अपील का श्रद्धालुओं पर कोई असर दिखाई नहीं दिया।
5 of 5
मंदिर परिसर में की गई थी बैरिकेडिंग
- फोटो : अमर उजाला
वृंदावन में श्रद्धालुओं की भीड़ के मद्देनजर शुक्रवार रात से बाहरी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। शहर के सभी नाकों पर बैरीकेड लगाकर पुलिस का पहरा बैठाया गया है। मथुरा-वृंदावन मार्ग, वृंदावन छटीकरा मार्ग, वृंदावन यमुना एक्सप्रेसवे मार्ग, वृंदावन जैंत मार्ग पर बैरियर लगाए गए हैं।