ऑस्ट्रेलिया में पेसिफिक हाईवे पर पैदल जाते आगरा के रहने वाले छात्र शुभम गर्ग से लूट के इरादे से उसके चेहरे, सीने और पेट पर चाकू से कई वार किए गए थे। ऑस्ट्रेलिया में भारतीय मिशन ने गंभीर हालात में अस्पताल में भर्ती भारतीय छात्र को काउंसलर सहायता मुहैया कराई है।
अस्पताल में सर्जरी के बाद शुभम की हालत स्थिर है। नई दिल्ली में ऑस्ट्रेलियाई उच्चायोग ने कहा है कि वह सिडनी में भारतीय वाणिज्य दूतावास से काउंसलर मदद के साथ घायल छात्र के परिजन को वीजा सुविधा में मदद कर रहा है। न्यू साउथ वेल्स पुलिस बल ने बताया कि घटना 6 अक्तूबर को रात करीब साढ़े 10 बजे की है। पुलिस ने 27 वर्षीय हमलावर डेनियल नोर्वुड को गिरफ्तार कर लिया है और उस पर हत्या के प्रयास के आरोप लगाए गए हैं। डेनियल के घर से कई सामान बरामद किए गए हैं और उन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस ने कहा, गर्ग ने एक नजदीकी मकान में रह रहे लोगों से मदद मांगी, जिसके बाद उसे रॉयल नॉर्थ शोर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी सर्जरी हुई।
2 of 5
शुभम गर्ग का परिवार
- फोटो : अमर उजाला
पैसे न देने पर किए चाकू से कई वार
‘द कोव’ अखबार की खबर के अनुसार, पेसिफिक हाईवे लेन कोव के पास एक अज्ञात शख्स शुभम के पास आया और उससे पैसे मांगते हुए धमकी दी। शुभम गर्ग द्वारा उसे पैसे देने से इनकार करने के बाद हमलावर ने उस पर चाकू से कई वार किए और फिर फरार हो गया। आरोपी को एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जिसने उसे जमानत देने से इनकार कर दिया।
3 of 5
शुभम गर्ग के पिता से बात करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने नस्ली हमले के बजाय लूट का मामला बताया
किरावली निवासी छात्र ऑस्ट्रेलिया में पीएचडी कर रहा है। ऑस्ट्रेलियाई उच्चायोग ने शुभम को हर मदद देने का वादा किया है। शुभम ने चेन्नई से एमएस (मास्टर ऑफ साइंस) करने के बाद यूनिवर्सिटी ऑफ न्यू साउथ वेल्स सिडनी में पीएचडी में प्रवेश लिया है। इससे पहले आई खबरों में नस्ली हमले की बात कही गई थी, लेकिन पुलिस ने इसे लूट का मामला बताया है।
4 of 5
शुभम गर्ग का परिवार
- फोटो : अमर उजाला
छात्र पर हमला चिंताजनक : विदेश मंत्रालय
ऑस्ट्रेलिया में भारतीय छात्र पर चाकू से हमले मामले पर विदेश मंत्रालय ने चिंता जताई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने शुक्रवार को कहा कि ऐसी घटना चिंताजनक है। प्रवक्ता ने कहा कि घायल छात्र अस्पताल में है, उसका इलाज जारी है। कैनबरा में हमारा उच्चायोग और सिडनी में वाणिज्य दूतावास स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है। हम परिवार के संपर्क में हैं।
5 of 5
छात्र और उसके परिवार के लोग
- फोटो : अमर उजाला
उन्होंने बताया कि 'हमारे कुछ अधिकारी सिडनी के अस्पताल में छात्र से मिले हैं। अरिंदम बागची ने कहा कि हमारी उम्मीद है कि इस पूरे मामले को गंभीरता से लिया जाएगा। हमने यहां ऑस्ट्रेलियाई उच्चायोग से वीजा के यात्रा दस्तावेजों में तेजी लाने का अनुरोध किया था, ताकि परिवार के सदस्य तत्काल जा सकें।'