रेलवे में नौकरी के दौरान काम के दबाव और वरिष्ठ अधिकारी की कथित प्रताड़ना से अभिषेक सिंह कुशवाहा इस कदर परेशान थे कि पत्नी आस्था रानी से नौकरी छोड़ने तक की बात कहने लगे थे। वह कहते थे कि अब नौकरी करने का मन नहीं करता, नमक-रोटी खाकर गुजारा कर लेंगे या किसी निजी कंपनी में काम कर लेंगे। दबाव इतना है कि कभी भी हार्ट अटैक हो सकता है।
पत्नी का आरोप है कि वरिष्ठ अधिकारी उन्हें गाली देते थे और दक्षिण भारत भेजने के साथ जिंदगी बर्बाद करने की धमकी देते थे। अभिषेक की मौत से चार साल के बेटे रुद्रांश और दो साल की बेटी मानवी के सिर से पिता का साया उठ गया। वह 2018 रेलवे में भर्ती हुए थे।
उन्होंने कानपुर से बीटेक सिविल की पढ़ाई करने के बाद एमए किया था। प्रयागराज में उन्होंने सीधे स्टेशन मास्टर (एसएम) के पद पर नौकरी शुरू की थी। करीब चार महीने पहले पदोन्नति के बाद उनका स्थानांतरण आगरा मंडल में हुआ था। वे रेलवे ट्रांजिट हाउस में पत्नी आस्था रानी, चाची सुशीला और दोनों बच्चों के साथ रह रहे थे।
पत्नी के मुताबिक, नौकरी में आने के बाद से ही वह काम के दबाव को लेकर परेशान रहने लगे थे। घर लौटने के बाद भी कार्यालय की परेशानियों का जिक्र करते थे। पत्नी और चाची ने वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक पर प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। वे बच्चों के दाखिले की तैयारी कर रहे थे। इसके लिए परिवार के साथ फोटो भी खिंचवाई थी। किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही समय बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ेगा।
छुट्टी मांगने पर मिली थी गालियां
अभिषेक परिवार के इकलौते बेटे थे। उनके परिवार में कोई दूसरा बेटा नहीं है। उनकी मौत से पत्नी, मां और दोनों बच्चों का सहारा छिन गया है। पिता नागेंद्र कुशवाहा एसडीएम के पेशकार पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। पत्नी का आरोप है कि उन्होंने पिता की पेंशन से संबंधित काम के लिए छुट्टी मांगी थी लेकिन छुट्टी के बदले उनको डांट और गालियां मिलीं।
प्रयागराज से जांच करने आए प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक
उत्तर मध्य रेलवे के सहायक परिचालन प्रबंधक (एओएम) अभिषेक सिंह कुशवाहा की मौत के 24 घंटे बाद प्रयागराज से जांच करने के लिए प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक विजेंद्र कुमार आगरा पहुंचे। वे प्रयागराज से टूंडला तक ट्रेन से आए। इसके बाद कार से डीआरएम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने सभी वरिष्ठ अधिकारियों से जानकारी ली। इस दाैरान सहायक परिचालन प्रबंधक का परिवार गाजीपुर के लिए रवाना हो चुका था।