आगरा पुलिस ने अधिवक्ता कपिल पंवार की हत्या के खुलासे का दावा कर दिया। इसके बाद भी इस मामले से जुड़ी आशंकाएं खत्म नहीं हुई हैं। जोंस मिल मामले से जुड़ी मोरिन जोन और वकीलों ने हत्या के पीछे अलग-अलग वजह होने की आशंका जाहिर करते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। बता दें कि कपिल पंवार जोंस मिल मामले का केस लड़ रहे थे। 26 अक्तूबर को उनकी हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए कपिल की सास और दो सुपारी किलर को गिरफ्तार किया है। इस हत्याकांड के बाद से अधिवक्ताओं में आक्रोश है।
अधिवक्ता हत्याकांड: खुलासे के बाद भी आशंकाएं खत्म नहीं, उच्च स्तरीय जांच की मांग उठी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हत्या में हो सकता है भूमाफिया का हाथ : मोरिन जोन
जोंस मिल की संपत्ति पर अपना दावा करने वाली मोरिन जोन उर्फ गीता चीमा का कहना है कि वकील कपिल पंवार की हत्या में भूमाफिया का हाथ हो सकता है। कई भूमाफिया उनके पीछे लगे थे। वह उनका केस लड़ रहे थे। उनकी संपत्ति पर भूमाफिया ने कब्जा कर रखा है। उन्हें धमकी भी मिली थी। 15 दिन पहले इसकी जानकारी एसएसपी बबलू कुमार को दी थी। मोरिन ने कहा कि कपिल उनके बेटे की तरह थे। उनका बहुत ख्याल रखते थे। हालांकि इस पर बबलू कुमार का कहना है कि ऐसी कोई जानकारी उनके पास नहीं आई है।
मोरिन जोन की बेटी शबीना ने वकील कपिल पंवार की हत्या के पीछे जोंस मिल संपत्ति का विवाद होने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि इस केस की उच्च स्तरीय जांच के लिए मुख्यमंत्री योगी को पत्र लिखा है। कपिल पंवार ने जोंस मिल की संपत्ति के बारे में कई दस्तावेज जुटा लिए थे, इसी कारण उनकी हत्या कर दी गई। हमें न्याय चाहिए, इसके लिए जरूरत पड़ी तो सीएम योगी से मिलने के लिए भी जाएंगे।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण मंच के अध्यक्ष एडवोकेट चौधरी अजय सिंह ने आशंका जताई है कि कपिल पंवार की हत्या के तार जेल से जुड़े हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि 15 दिन पहले मीटिंग के दौरान कपिल ने बताया था कि उनके पास जेल से धमकी आई है। उनका शक उन दबंगों पर था जो नगर निगम के सफाईकर्मियों का वेतन हड़प रहे थे। कपिल ने उन्हें जेल भिजवाया था। चौधरी अजय ने कपिल हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग की है। इस पर एसएसपी ने कहा कि अगर धमकी आई होती तो वह शिकायत तो करते। ऐसी कोई शिकायत नहीं मिली।
अधिवक्ता कपिल पंवार की हत्या से साथी अधिवक्ताओं में आक्रोश है। संस्था पश्चिमी उत्तर प्रदेश निर्माण जनमंच से जुड़े अधिवक्ताओं ने कलक्ट्रेट में विरोध प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने शनिवार को भी कार्य न करने का एलान किया है। प्रदर्शनकारी अधिवक्ताओं ने कहा कि कपिल पंवार के अपहरण को पुलिस ने हलके में लिया। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। प्रदेश में अधिवक्ताओं के साथ कई घटनाएं हो चुकी हैं। अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू किया जाए।