भारत-पाक युद्ध के 50 वर्ष पूरे होने पर देशभर में स्वर्णिम विजय वर्ष मनाया जा रहा है। भारतीय सेना ने विजय मशाल यात्रा का लेह से शुभारंभ किया है। गुरुवार को विजय मशाल यात्रा लेह से अटल टनल रोहतांग होते हुए हिमाचल प्रदेश के मनाली पहुंची। इससे पहले अटल टनल के साउथ पोर्टल पर लेफ्टिनेंट जनरल पीएन अनंत नारायण ने अपने सहयोगियों सहित विजय मशाल का भव्य स्वागत किया। साथ ही देश के लिए शहीद हुए वीरों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
लेफ्टिनेंट जनरल पीएन अनंत नारायण ने कहा कि यह मशाल यात्रा मनाली से मंडी, धर्मशाला, कांगड़ा, पठानकोट होते हुए अमृतसर पहुंचेगी। 16 दिसंबर को विजय दिवस समारोह पर दिल्ली पहुंचेगी। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस विशाल आयोजन में विशेष तौर पर भाग लेंगे। मनाली के महत्व को देखते हुए मशाल को अटल टनल से लाया गया है। इस दौरान 1971 में पाकिस्तान पर भारत की विजय गाथा को चलचित्र के माध्यम से लोगों को दिखाया गया।
2 of 6
लोकनृत्य ने बांधा समां।
- फोटो : अमर उजाला
सूत्रधार कला संगम कुल्लू के कलाकारों ने कुल्लवी और लाहौली नृत्य पेश कर भरपूर तालियां बटोरीं। पंजाब के प्रसिद्ध गतका का प्रभावशाली प्रदर्शन सेना की टुकड़ी ने किया।
3 of 6
विजय मशाल यात्रा।
- फोटो : अमर उजाला
सेना बैंड की मधुर धुन पर 16 दिवसीय साइकिल अभियान को अटल टनल से पठानकोट के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस दौरान सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल भूपेंद्र ठाकुर, सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर, ब्रिगेडियर संदीप एस शारदा, उपायुक्त लाहौल-स्पीति नीरज कुमार, उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग आदि मौजूद रहे।
4 of 6
विजय मशाल यात्रा।
- फोटो : अमर उजाला
वहीं, मंडी के सेरी मंच पर पांच सितंबर को होने वाले स्वर्णिम विजय वर्ष समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर करेंगे। समारोह रविवार सुबह 11 बजे शुरू होगा। मुख्यमंत्री विजय मशाल का स्वागत करेंगे। स्वर्णिम विजय वर्ष 1971 के युद्ध में भारत की ऐतिहासिक जीत के 50 वर्ष पूरा होने की स्मृति में मनाया जा रहा है। 16 दिसंबर, 2020 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से विजय मशाल प्रज्वलित करने के साथ स्वर्णिम विजय वर्ष समारोह की शुरुआत हुई थी।
5 of 6
विजय मशाल यात्रा।
- फोटो : अमर उजाला
मंडी में होने वाले समारोह में विजय मशाल भारतीय सेना की उत्तरी कमान से पश्चिमी कमान को सौंपी जाएगी। उपायुक्त अरिंदम चौधरी ने समारोह की तैयारियों पर संबंधित अधिकारियों के साथ गुरुवार को बैठक की। बताया कि जिला प्रशासन यह समारोह भारतीय सेना के साथ मिलकर करेगा।