घाटी की सुनाह लंबाथाच पंचायत के बजौं गांव में अचानक आग लगने से सात परिवारों की तीन गोशालाएं राख हो गई हैं। हादसे में एक गाय और बछड़ा जिंदा जल गए। आग भड़कते ही गांव में अफरातफरी का माहौल हो गया।
साथ लगते 12 मकानों तक आग की लपटें पहुंचने लगी और उनके जलने का खतरा पैदा हो गया। लोग घरों से निकल कर आग बुझाने में जुट गए। चीखों पुकार मच उठी। अग्निशमन केंद्र न होने के चलते समय पर फायर ब्रिगेड की सहायता मुश्किल थी।
लिहाजा लोग मिट्टी, पानी की बाल्टियों से आग बुझाने में जुट गए। आग बेकाबू होने लगी। आग की सूचना साथ लगते लंबाथाच कॉलेज में भी पहुंची। विद्यार्थी कक्षाओं को छोड़कर घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ बचाव कार्य शुरू किया।
इतने में एसडीएम जंजैहली भी मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू में जुट गए। इससे पहले की आग पूरे गांव में राख कर देती, लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। एसडीएम थुनाग सुरेंद्र मोहन ने आग की घटना की पुष्टि की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
आग से स्वाह हुई गोशालाएं देवेंद्र सिंह, चंद्र सिंह, सुरेंद्र, खेम सिंह और कुंदन लाल निवासी बजौं की बताई जा रही है। सुरेंद्र की गाय और उसका बछड़ा आग में जिंदा जल गए। एसडीएम ने बताया कि प्रभावित परिवारों की गोशालाएं जलने के साथ साथ मकानों को भी आंशिक रूप से नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि सभी लोगों को संयुक्त रूप से प्रशासन ने 40 हजार फौरी राहत के रूप में प्रदान किए हैं।