अगस्त महीने में प्रदेश में सामान्य से पांच फीसदी कम बारिश रिकॉर्ड हुई। पहली अगस्त से 31 अगस्त तक प्रदेश में 296.9 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड हुई। जबकि इस अवधि के दौरान 283 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना जाता है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने छह सितंबर तक पूरे प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। शनिवार को भी प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में बारिश होने के आसार हैं।
मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि अगस्त महीने के दौरान चंबा, किन्नौर, लाहौल स्पीति और सिरमौर जिला में सामान्य से कम बारिश हुई। बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और ऊना जिला में सामान्य से अधिक बारिश रिकॉर्ड हुई।
चंबा जिला में सामान्य से 43, किन्नौर में 70, लाहौल स्पीति में 86 और सिरमौर में 37 फीसदी कम बारिश रिकॉर्ड हुई। बिलासपुर जिला में सामान्य से 36, हमीरपुर में 51, कांगड़ा में 49, कुल्लू में 17, मंडी में 17, शिमला में 4, सोलन में 9 और ऊना में 47 फीसदी अधिक बारिश रिकॉर्ड हुई।
उधर, राजधानी शिमला में कई दिनों बाद मौसम साफ रहा। धूप खिलने से शहर के तापमान में दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई।