मनाली-लेह हाईवे पर रोहतांग दर्रे के समीप राहनीनाला में आधी रात एक स्कॉरपियो कार गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में तीन परिवारों के 11 सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई।इनमें तीन बच्चे, पांच महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं।
हादसा इतना भयानक था कि करीब 200 फीट गहरी खाई में गिरने से दुर्घटनाग्रस्त वाहन के परखच्चे उड़ गए। बचाव कार्य के लिए गए पुलिस दल को मौके पर इधर-उधर शव बिखरे पड़े हुए मिले। मृतकों में 10 चंबा जिले की पांगी घाटी और एक महिला लाहौल-सपीति जिले की रहने वाली थी।
सभी मृतकों की पहचान हो चुकी है। घटना स्थल पर ही पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार वालों को सौंप दिए गए हैं। प्रशासन ने मृतकों के परिवारों को 20-20 हजार फौरी राहत दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण धुंध और खराब मौसम माना जा रहा है।
हालांकि पुलिस हादसे के सही कारणों का पता लगाने में जुटी है। सूचना मिलने पर एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार गाड़ी (एचपी 45-7000) बुधवार आधी रात को लगभग 12:20 बजे गुलाबा बैरियर से रोहतांग की तरफ निकली थी और यह पांगी जा रही थी। इसी बीच राहनीनाला के समीप गाड़ी करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
रात्रि के दौरान इस घटना का किसी को पता नहीं लग पाया। वीरवार सुबह हादसे का पता चलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।