दक्षिण अफ्रीका के साथ 15 सितंबर को एचपीसीए स्टेडियम धर्मशाला में होने वाले टी-20 सीरीज के पहले मुकाबले के लिए टीम इंडिया आज गगल एयरपोर्ट पहुंची। यहां से टीम को होटल द पवेलियन ले जाया गया। टीम इंडिया की झलक पाने को प्रशंसक बेताब दिखे।
तीन मैचों की टी-20 क्रिकेट सीरीज का पहला मैच धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में खेला जाएगा। शुक्रवार को दोपहर बाद 3:40 बजे स्पाइस जेट के विशेष विमान से भारतीय क्रिकेट टीम गगल एयरपोर्ट पहुंची। यहां खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया गया।
एयरपोर्ट से खिलाड़ी स्पेशल वोल्वो बस से कड़ी सुरक्षा के बीच होटल द पवेलियन पहुंचे। टीम की सुरक्षा के लिए एयरपोर्ट पर पहले ही पुख्ता प्रबंध किए गए थे। टीम इंडिया ने शुक्रवार को धर्मशाला पहुंचकर होटल में आराम किया। शनिवार को टीम इंडिया का दो से सायं पांच बजे तक अभ्यास का शेड्यूल है।
गगल एयरपोर्ट पर अपने पसंदीदा खिलाड़ियों के दीदार के लिए पहुंचे प्रशंसकों को मायूसी हाथ लगी। कड़ी सुरक्षा के चलते प्रशंसक अपने चहेते खिलाड़ी तक नहीं पहुंच सके। गगल एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों को देखने के लिए प्रशंसकों की भीड़ थी। हालांकि कुछ प्रशंसक खिलाड़ियों के ऑटोग्राफ लेने में कामयाब भी हुए।
कप्तान विराट कोहली के नेतृत्व में मनीष पांडे, उपकप्तान रोहित शर्मा, शिखर धवन, श्रेयस अय्यर, हार्दिक पांडया, कृणाल पांडया, रविंद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, केएल राहुल, ऋषभ पंत, दीपक चाहर, खलील अहमद, नवदीप सैणी, राहुल चाहर धर्मशाला पहुंचे हैं। टीम के साथ मुख्य कोच रवि शास्त्री, बैटिंग कोच विक्रम राठौर सहित करीब 35 सदस्यों का दल भी साथ है।