शिमला आने वाले सैलानियों को अब होटल के साथ पार्किंग की भी एडवांस बुकिंग करनी होगी। क्रिसमस और न्यू ईयर के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए जिला पुलिस यह व्यवस्था कायम करने जा रही है। पुलिस विभाग ने टूरिस्ट सीजन को देखते हुए नया ट्रैफिक प्लान भी जारी कर दिया है।
इसके तहत 25 से 31 दिसंबर तक बालूगंज, चौड़ा मैदान, क्रासिंग और नवबहार समेत शहर के कुछेक प्रतिबंधित मार्गों पार्किंग की सुविधा दी जाएगी। शिमला आने वाले सैलानी इन मार्गों पर अपनी गाड़ियां पार्क कर सकेंगे। इसके अलावा शहर के सभी होटल मालिकों को आनलाइन बुकिंग के समय पार्किंग की बुकिंग लेने को भी कहा गया है। इसके अलावा जिन होटल मालिकों के पास अपनी पार्किंग नहीं होगी, वह भी सैलानियों से पूछेंगे कि उनकी कितनी गाड़ियां शिमला आनी हैं।
इससे जिला पुलिस को अंदाजा लग जाएगा कि क्रिसमस और न्यू ईयर पर शहर में कितनी गाड़ियां आनी हैं। इस तरह पुलिस अपनी तैयारी कर सकेगी। पुलिस महकमा जिला प्रशासन की मदद से होटल मालिकों को यह निर्देश जारी करने जा रहा है। क्रिसमस और न्यू ईयर को लेकर ज्यादातर सैलानी अब एडवांस बुकिंग ही करते हैं। यदि इनसे गाड़ियों का पता भी चल जाए तो पुलिस को यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए पहले से ही प्लानिंग का समय मिल जाएगा।
पुलिस के अनुसार 25 दिसंबर से शहर में सैलानियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। ऐसे में पार्किंग फुल होंगी तो इनकी गाड़ियां दूसरी सड़कों पर पार्क करने की छूट दी जाएगी। इसके लिए बाकायदा ट्रैफिक कर्मी सैलानियों की मदद करेंगे। ट्रैफिक के जवान सैलानियों को बताएंगे कि शहर में कहां कहां गाड़ियां पार्क की जा सकती हैं।
25 से 31 दिसंबर के लिए नया ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। जरूरत पड़ने पर चौड़ा मैदान, बालूगंज समेत कुछेक प्रतिबंधित जगहों पर सैलानियों को पार्किंग की सुविधा दी जाएगी। होटल मालिकों को पार्किंग की भी एडवांस बुकिंग के लिए कहा जा रहा है ताकि पता चल सके कि शहर में कितनी गाड़ियां आनी हैं। - ओमापति जमवाल, एसपी शिमला