कुल्लू से होशियारपुर जा रही पंजाब रोडवेज की बस चंडीगढ़-मनाली एनएच-205 पर जामली के पास बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गई।
बस में सवार यात्रियों में से 26 लोग घायल हो गए हैं। इनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।घायलों को बस की खिड़कियाें के शीशे तोड़कर निकाला गया। बताया जा रहा है कि बस ने पहले सड़क पर अचानक आए बकरे को कुचला, जिसके बाद चालक ने बस को तेज रफ्तार दौड़ा दिया।
सौ मीटर की दूरी पर ब्रेक नहीं लगने पर बस सड़क किनारे नाले में जाकर पलट गई। घायलों में हिमाचल, उत्तरप्रदेश, पंजाब और हरियाणा के लोग शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पंजाब रोडवेज की बस (पीबी07यू-3402) कुल्लू से होशियारपुर जा रही थी। दोपहर करीब 12:30 बजे जामली और गंभरपुल की उतराई पर पहुंचते ही बस चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई। सड़क पर अचानक बकरा गया जिसको बस ने कुचल दिया।
विवाद के डर से चालक ने बस नहीं रोकी और तेज रफ्तार आगे बढ़ा दी। सौ मीटर की दूरी पर ही बस सड़क किनारे पलट गई। चालक परविंद्र के अनुसार बस की ब्रेक फेल हो गई थी। सवारियों में चीख पुकार सुनकर वहां कार्य कर रहे लोनिवि के कर्मचारी पहुंचे।