पुलवामा में आतंकवादियों से हुई मुठभेड़ में हिमाचल के लाल ने आतंकी को मार गिराया। मिल्ट्री अस्पताल चंडीगढ़ में जिंदगी के साथ जंग लड़ रहे जिले के जांबाज सिपाही दविंद्र की बंदूक से निकली गोली ने आतंकियों को ढेर किया था।
ईसपुर से सटे गांव लवाणा मजारा के दविंद्र पुलवामा में सैन्य ऑपरेशन की फर्स्ट पार्टी का हिस्सा थे। दविंद्र इस टीम में आतंकियों पर हमला करने में भी सबसे आगे रहे। इस पूरे अभियान में पुलवामा हमले के मास्टरमाइंड अब्दुल रशीद गाजी समेत तीन आतंकी ढेर किए गए थे।
हालांकि सेना के मेजर समेत पांच जवान भी शहीद हो गए थे। दविंद्र के बड़े भाई राकेश कुमार ने बताया कि दविंद्र व उनकी टीम ने आगे जाकर उस घर को ढूंढा जहां आतंकवादी छिपे हुए थे। टीम के सदस्यों के घर में दाखिल होते ही आतंकियों द्वारा लगातार ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
आतंकी छुपकर गोलियां चला रहे थे और भारतीय सैनिक सामने से घर में घुस कर उन पर फायरिंग करते आगे बढ़े। इसी दौरान एक गोली हेलमेट में लगकर दविंद्र की आंख में जा लगी। इसके बाद भी दविंद्र ने आतंकी के सिर पर गोली मारकर उसे ढेर कर दिया।
उन्होंने बताया कि दविंद्र वहां से निकल कर लगभग आधा किलोमीटर का सफर तय कर गाड़ी तक पहुंचा जहां से उसे इलाज के लिए आगे हॉस्पिटल ले जाया गया। सैनिक दविंद्र के बड़े भाई राकेश कुमार ने बताया कि दविंद्र का 7 घंटे लंबा ऑपरेशन किया गया, जिसमें उसकी आंख में से गोली के अंश निकाले गए।