लघु बचत योजनाओं में पैसा जमा करवाने वाले लाखों खाता धारकों को केंद्र सरकार ने बड़ा झटका दिया है। केंद्र सरकार ने लघु बचत योजनाओं के खातों में 500, 1000 के पुराने नोट जमा करने पर रोक लगा दी है।
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने हिमाचल के भी सभी डाक और बैंक प्रबंधनों को पुराने नोट जमा नहीं करने के आदेश जारी किए हैं। आरबीआई के आदेश मिलते ही हिमाचल में पुराने नोट लेकर लघु बचत योजनाओं में उन्हें जमा करने का काम बंद कर दिया है।
आरबीआई ने देशभर के राष्ट्रीयकृत बैंकों और डाकघरों में 30 दिसंबर तक अपने खातों में पुराने नोट जमा करवाने की मोहलत दी हुई है, लेकिन आरबीआई की ओर से लघु बचत योजनाओं में पुराने नोट नहीं होने के आदेश जारी होने से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों ने पुराने नोटों को बदलवाने के लिए लगी लाइनों में खड़े रहने से परहेज करने के लिए लघु बचत योजनाओं में पुरानी करेंसी को जमा करने के लिए रखा था। केंद्र सरकार की नई व्यवस्था से ऐसे लोगों की परेशानियां बढ़ गई है।
प्रदेश में स्थित दो बड़े केंद्रीय सहकारी बैंकों में केंद्र सरकार ने पहले ही पुराने नोट जमा नहीं करने का फैसला लिया है। अब लघु बचत योजनाओं के खातों को भी इस दायरे में लाकर सरकार ने प्रदेश के लाखों लोगों को बड़ा झटका दिया है।