टीम इंडिया के सिक्योरिटी चीफ और पूर्व कप्तान क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी का बॉडीगार्ड रहा ब्लैक कैट कमांडो इन दिनों फिर चर्चा में आ गया है। अपने काम से यह लोगों के लिए मिसाल बन गया है। इनके नए मिशन को जानकर खुद धोनी भी उन्हें सलाम करने को मजबूर होंगे। आइए जानते हैं-
टीम इंडिया के सिक्योरिटी चीफ और पूर्व कप्तान क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी के बॉडीगार्ड रहे हिमाचल के मंडी के मुकेश ठाकुर सेना में ग्रेनेडियर रेजिमेंट और एनएसजी में ब्लैक कैट कमांडो रह चुके हैं। मगर अब इन्होंने जो काम हाथ में लिया है वो वाकई सराहनीय है।
17 साल देशसेवा में लगाने के बाद अब वे हिमाचल के कांगड़ा जिला के छोटा भंगाल के लोहारड़ी स्कूल में टीजीटी के पद पर तैनात हैं। अध्यापन के अलावा वह स्कूल और आसपास के गांवों की बेटियों के लिए खास मिशन छेड़े हुए हैं।
दरअसल मुकेश आजकल हिमाचल में बेटियों को निशुल्क मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण दे रहे हैं। सेना में ब्लैक कैट कमांडो रहे मुकेश देश के लिए कई खतरनाक ऑपरेशन को अंजाम देने के बाद अब पहाड़ की बेटियों को आत्मनिर्भर और निडर बनाने की मुहिम में जुटे हैं। वह सुबह और शाम कराटे का प्रशिक्षण दे रहे हैं।
बिना किसी सरकारी मदद सुबह 8 से 10 और शाम को 4 से 5 बजे तक मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग दी जाती है। मुकेश दिल्ली पुलिस में सब इंस्पेक्टर के पद पर भी रह चुके हैं। स्कूल के अध्यापक ही नहीं अभिभावक भी उनकी सराहना कर रहे हैं। मुकेश से ट्रेनिंग पाने के बाद सूबे की बेटियां कई मंचों पर शानदार प्रदर्शन कर चुकी हैं।