पांच साल पहले रोजी-रोटी कमाने हिमाचल से इराक के मोसुल शहर गए चार युवकों के पार्थिव अवशेष मृतकों के पैतृक गांव पहुंचे। गांव में शव पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर कर बूरा हाल है। गमगीन माहौल के बीच ताबूत में पहुंचे अपनों के पार्थिव अवशेष देख परिजन बिलख पड़े।
इराक के मोसुल से मंगलवार सुबह घर पहुंचे चार युवकों के ताबूत में बंद अवशेषों से परिवार के सदस्य लिपटकर फूट-फूटकर रोए। जैसे ही अवशेष घर पहुंचे परिवार के लोग अचेत होकर गिर गए। पांच साल के इंतजार के बाद चारों युवकों को करीब आधे घंटे तक घर का आंगन नसीब हुआ।
इराक के मोसुल में आतंकियों की ओर से मारे गए देहरा विधानसभा क्षेत्र की भटहेड़ पंचायत के कदरेटी गांव के इंद्रजीत के पार्थिव अवशेष पहुंचते ही परिजन ताबूत की ओर दौड़े। बेसुध परिजनों को ग्रामीणों ने किसी ढांढस बंधाने की कोशिश की। लेकिन अपनों के पार्थिव अवशेष देख परिजनों के आंसू नहीं थम रहे थे।
चार साल में बेटे के गम में पिता तो दिल की बीमारी और माता को पैरालाइज अटैक आ गया। इंद्रजीत की मांग बेटे की मौत के गम में बेसुध हो गई। इंद्रजीत का गांव के पास शमशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया।
इधर, मंडी के सुंदरनगर के बायला निवासी हेमराज (32) के पार्थिव अवशेष गांव पहुंचते ही हर ओर चीख पुकार का माहौल हो गया। हेमराज की पत्नी, बच्चे सहित अन्य परिजन फूट-फूट कर रोने लगे।