500 और 1000 रुपए के पुराने नोट बदलने के लिए हिमाचल के बैंकों में मारामारी चल रही है। सुबह से ही लोग बैंकों के बाहर जमा हैं। वहीं, ताजा खबर है कि कई बैंकों में कैश खत्म हो गया है। लोगों को 10 और 20 के नोट ही पकड़वाए जा रहे हैं।
ये नजारा हिमाचल के ऊना का है जहां सुबह से ही लोग काउंटर पर लाइन लगाकर खड़े हो गए हैं। जिले के कई बैंकों में कैश खत्म हो गया है। लोगों को अब 10-10 के नोट देने की नौबत आ गई है। उधर, सिरमौर के कई बैंकों में कैश न होने की भी सूचना है। लोग काफी परेशान हैं।
लोगों में पुराने नोट बदलने को लेकर काफी मारामारी चल रही है। सभी जल्द से जल्द नोट बदलकर 100 रुपए के नोट हासिल करना चाहते हैं। वहीं, ज्यादातर बैंकों में अभी तक नए नोट नहीं आए हैं।
बिलासपुर के सभी बैंकों में फॉर्म भरकर लोगों को पैसे बदलने पड़ रहे हैं। वहीं, कई जगहों एकसाथ इतनी भीड़ देखकर बैंक कर्मचारी भी सकते में आ गए हैं।
फिलहाल सभी बैंकों में नोट बदलने का काम चल रहा है। जिन लोगों के घर में शादियां हैं या जिन्हें अस्पताल में तुरंत पैसों की सख्त जरूरत हैं, वे सबसे पहले बैंकों के बाहर जमा हो गए थे।