न्यू शिमला सेक्टर- दो में एक युवक ने पिस्टल से गोली मार कर खुद को उड़ा दिया। इसकी पहचान नितिन चौहान उम्र 37 निवासी कोटखाई शिलाट के तौर पर हुई है। यह परिजनों के साथ न्यू शिमला में ही रहता था। आत्महत्या की वजह पत्नी के साथ मन मुटाव बताया जा रहा है। पुलिस ने मौके पर और घर से दो जगह सुसाइड नोट भी बरामद किए हैं।
जिसमें आत्महत्या की वजह पत्नी को बताया गया है। उसकी पत्नी मौजूदा समय में अलग रहती है नितिन ने सुसाइड नोट में लिखा है कि उसकी पत्नी और उसके परिजनों ने उसे मानसिक तौर पर काफी प्रताड़ित किया है। उसका एक बेटा भी है जो उसकी पत्नी साथ ही ले गई है। वह उसे बेटे से भी नहीं मिलने देते।
उनकी ओर से इस तरह की प्रताड़ना से तंग आकर वह आत्महत्या कर रहा है। युवक मुंबई में जिम इंस्ट्रक्टर का काम भी कर चुका है। पुलिस के मुताबिक शुक्रवार सुबह एक कॉल आई, जिसमें कहा गया कि न्यू शिमला में सड़क के किनारे एक कार खड़ी है, और उसमें से खून निकल रहा है और कार के अंदर के युवक बेसुध पड़ा है।
सूचना के बाद एएसपी भजन देव नेगी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मुआयना किया। वहां पर एक 7.6 एम एम की पिस्टल मिली है। जिससे गोली चली थी। एएसपी ने गोली का खोल भी कार की सीट से बरामद कर लिया।
सुसाइड नोट भी मिला, जिससे पढ़ने के बाद पुलिस को सारा माजरा समझ में आ गया यह पूरा मामला घरेलू कलह का है। इसके बाद जब पुलिस युवक के घर पहुंची तो वहां पर भी सुसाइड नोट मिला। कार में मिला सुसाइड नोट और घर में मिला सुसाइड नोट एक ही रजिस्ट्रर के पन्ने पर लिखे गए हैं। फोरेंसिक टीम ने मौके पर साक्ष्य को एकत्रित किया और साथ ले गए हैं।