लोकसभा चुनाव में हिमाचल में भाजपा की प्रचंड जीत बेशक पीएम नरेंद्र मोदी की ही देशव्यापी लहर का असर माना जा रहा हो, मगर मोदी का वैसे भी हिमाचल से गहरा नाता रहा है।
पीएम मोदी कई बार इस बात को दोहरा भी चुके हैं कि हिमाचल उनका दूसरा घर है। मोदी वर्ष 1995 से लेकर 2000 के बीच हिमाचल के प्रभारी रह चुके हैं। उस समय उन्होंने हिमाचल के कई दुर्गम क्षेत्रों की यात्राएं कीं।
मोदी के प्रभारी रहते ही 1998 में हिमाचल में भाजपा की सरकार भी बनी। उस वक्त प्रेम कुमार धूमल पहली बार हिमाचल के मुख्यमंत्री बने। हिमाचल के प्रभारी रहते ही मोदी वर्तमान सीएम जयराम ठाकुर की कार्यप्रणाली से भी वाकिफ रहे हैं। उसी का रिवार्ड मोदी ने उन्हें सवा साल पहले मुख्यमंत्री बनाकर दिया है।
पीएम मोदी जब भी हिमाचल आते हैं तो वह अपने दौरों को याद करते हैं। वह शिमला के कॉफी हाउस में कॉफी की चुस्कियों के साथ राजनीतिक गपशप का भी रिज मैदान की जनसभा में उल्लेख कर चुके हैं। वह कांगड़ा की धाम और मंडी की सेपू बड़ी को भी मंच से याद करते आए हैं।
हिमाचल के बहुत से लोगों की भी नरेंद्र मोदी के यहां आने से संबंधित कई तरह की स्मृतियां जुड़ी हुई हैं। हिमाचल प्रभारी रहते मोदी जब भी मंडी से धर्मशाला या धर्मशाला से मंडी आते तो नारला के पास एक ढाबे पर भोजन करते। मंडी की सेपू बड़ी उनकी पसंद थी।