मूसलाधार बारिश से इस शहर में तबाही मच गई। भारी बारिश से कहीं घरों में पानी घुस गया तो कहीं वाहन मलवे के नीचे दब गए। सड़कों पर बड़ी मात्रा में मलवा आ गया। इससे शहर में कई जगह सड़कें जाम हो गई।
राजधानी शिमला में डेढ़ घंटे हुई बारिश ने शहर में जमकर तबाही मचाई। नगर निगम की ढील के कारण शहर का ड्रेनेज सिस्टम ठप होने से बारिश का पानी लोगों के घरों और दुकानों में घुस गया। मालरोड स्थित केक मास्टर शॉप के ठीक नीचे लोअर बाजार की गली नंबर 16 में बारिश के बाद रिज मैदान और मालरोड का पूरा पानी घुस गया। गली के एक दर्जन घरों में पानी घुसने के कारण अफरातफरी मच गई।
भारी बारिश के कारण शहर के नालों में पानी बेकाबू होकर बहने लगा। टिंबर हाउस के पास नाले का पानी सड़क से होकर गुजर रही बसों और कारों के भीतर घुसने लगा। केएनएच रोड पर पेड़ गिरने से ट्रैफिक ठप हो गया।
भारी बारिश के कारण संजौली स्थित अमर निवास में पानी घुस गया। हाटेश्वरी ज्वैलर्स की दुकान में भी पानी घुस गया। दुकान संचालक नरेश चौहान ने बताया कि नगर निगम को पहले भी समस्या को लेकर सूचित किया था लेकिन कोई व्यवस्था नहीं बनाई गई। पार्षद को फोन किया तो उन्होंने फोन ही नहीं सुना। सड़क का पूरा पानी दुकान में घुसने से बार बार समस्या पेश आ रही है।
शिमला रेलवे स्टेशन के पास ऐक्सटेंशन रेल ट्रैक पर डंगा गिरने के कारण मलबा भर गया। रेल ट्रैक के अलावा पैदल रास्ता भी बंद हो गया। भूस्खलन के चलते लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।